प्रयागराज में रिंग रोड फेज-2 की तैयारी तेज, 41 गांवों में जमीन का होगा अधिग्रहण; गंगा-यमुना पर बनेंगे 2 पुल
प्रयागराज में रिंग रोड के दूसरे चरण की तैयारी तेज हो गई है, जिसमें गंगा और यमुना पर दो फोरलेन पुलों का निर्माण होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है
HighLights
गंगा-यमुना पर दो नए फोरलेन पुल बनेंगे।
41 गांवों से 321 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होगा।
परियोजना से यातायात सुगम, कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। तीर्थराज प्रयाग में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर के बाहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए रिंग रोड के दूसरे फेज की तैयारी तेज हो गई है।
इस चरण में गंगा और यमुना पर एक-एक फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके साथ ही यातायात के निर्बाध संचालन के लिए 54 अंडरपास, चार फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी होगा। करीब 41.662 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 5000 से 6200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण अगले वित्तीय वर्ष में शुरू कर दिया जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इनर रिंग रोड के दूसरे फेज की कार्ययोजना तैयार कर ली है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने प्रारंभिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी है। एनएनएआई के एक अधिकारी ने बताया कि यह मार्ग सोरांव तहसील के एनएच-19 के पास माधोपुर गांव से करछना तहसील के अमिलिया गांव तक प्रस्तावित है। इसके दायरे में 41 गांव आएंगे।
परियोजना के लिए करीब 321 हेक्टेयर यानी 1284 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। लगभग 6700 काश्तकारों की जमीन ली जाएगी। रिंग रोड के दूसरे फेज में यमुना पर 1200 मीटर और गंगा पर 3500 मीटर लंबा फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके अलावा 54 अंडरपास दो चरणों में तैयार होंगे। पहले चरण में 33 और दूसरे चरण में 21 अंडरपास बनाए जाएंगे। चार फ्लाईओवर और आरओबी भी प्रस्तावित हैं।
दूसरे फेज में 1284 बीघा जमीन का होगा अधिग्रहण
रिंग रोड के दूसरे फेज के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। करीब 42 किलोमीटर लंबे इस फेज के लिए 321 हेक्टेयर यानी 1284 बीघा से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
चार से छह माह में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इसके तहत लगभग 41 गांवों के 6700 काश्तकारों की जमीन ली जाएगी। रिंग रोड के दूसरे फेज के पूरा होने से शहर के बाहरी हिस्सों में यातायात सुगम होगा और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।