माफिया अतीक ने मदन लाल के नाम से बेनामी संपत्ति बनाई थी, प्रयागराज पुलिस ने जब्त किया
माफिया अतीक अहमद की मदन लाल के नाम पर बनाई गई बेनामी संपत्ति प्रयागराज पुलिस ने जब्त कर ली है। ...और पढ़ें

माफिया अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई करती प्रयागराज पुलिस।
HighLights
पुलिस ने मुनादी करके जमीन पर लगाया कुर्की का बोर्ड
एयरपोर्ट क्षेत्र में स्थित 13 आराजी में चिह्नित जमीन जब्त
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मदन लाल के नाम से बनाई गई माफिया अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति में शामिल कई बीघा जमीन और जब्त की गई है। कैंट थाने की पुलिस ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के अलग-अलग हिस्से में स्थित कुल 13 आराजी में चिह्नित जमीन पर मुनादी कराते हुए कुर्की का बोर्ड लगवाया।
माफिया अतीक अहमद ने राजमिस्त्री हुबलाल के अलावा चकिया निवासी मदन लाल के नाम से भी करोड़ों रुपये की प्रापर्टी बनाई थी। गैंग्सटर एक्ट के मुकदमे की जांच के दौरान जुलाई 2026 में पुलिस को पता चला कि मदन लाल भारतीया के नाम पर सदर तहसील में वर्ष 2014 से लेकर 2016 के बीच गौसपुर कटहुला, भीटी असदुल्लापुर और शाहा उर्फ पीपलगांव में करीब 12 एकड़ से अधिक जमीन खरीदी थी।
तब तत्कालीन पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार की कोर्ट ने बेनामी संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया। उस आदेश के अनुपालन में थाना प्रभारी कैंट अमरनाथ राय ने माफिया अतीक की एक अरब 10 करोड़ की बेनामी संपत्ति को जब्त किया। बताया गया है कि मदन लाल के नाम से चिन्हित बेनामी जमीन का कुछ हिस्सा बचा हुआ था, जिसको जब्त करने की कार्रवाई रविवार को कैंट पुलिस ने राजस्व कर्मियों के साथ की।
