विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में 3 लाख घरों तक पहुंचेगी PNG, शहर के हर वार्ड में बिछेगी पाइप लाइन, 25 हजार उपभोक्ता कर रहे उपयोग

By Birendra Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 27 Sep 2026 03:20 PM (IST)

प्रयागराज में इंडियन ऑयल-अडानी गैस द्वारा तीन लाख घरों तक पीएनजी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन का तेजी से विस्तार ...और पढ़ें

प्रयागराज में पीएनजी का विस्तार होने जा रहा है।

प्रयागराज में पीएनजी का विस्तार होने जा रहा है।

HighLights

  1. दो साल में 200 से 250 किमी नई लाइन बिछाने की तैयारी, नैनी में बिछाई जाने लगी है

  2. इंडियन आयल-अडानी गैस की चरणबद्ध तरीके से पाइप लाइन विस्तार की योजना तैयार

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहरवासियों के लिए पीएनजी का दायरा तेजी से बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। आने वाले समय में नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों की हर गली-मुहल्ले तक पाइप लाइन पहुंचाकर करीब तीन लाख घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इंडियन आयल-अडानी गैस की ओर से इसके लिए चरणबद्ध तरीके से पाइप लाइन विस्तार की योजना तैयार की जा रही है।

खास-खास

600 किलोमीटर पीएनजी पाइप लाइन शहरी क्षेत्र में बिछाई गई है
200 किलोमीटर पीएनजी पाइप लाइन ग्रामीण क्षेत्र में बिछाई गई है
2 वर्ष में 200 से 250 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने की तैयारी
25 हजार संगम नगरी में पीएनजी के वर्तमान में उपभोक्ता हैं
30 से 40 लोग हर दिन कनेक्शन लेने के लिए कर रहे संपर्क
25 रेस्टोरेंट और होटल संचालकों ने भी किया है आवेदन
14.79 लाख से अधिक एलपीजी के उपभोक्ता
7.20 लाख उपभोक्ता हर माह कराते हैं एलपीजी रिफलिंग।

नैनी में बिछाई जा रही पीएनजी पाइप लाइन

जिले में अब तक करीब 800 किलोमीटर पीएनजी पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। इसमें लगभग 600 किलोमीटर लाइन शहरी क्षेत्र में है। अगले दो वर्षों में 200 से 250 किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने की तैयारी है। चालू वित्तीय वर्ष में करीब 130 किलोमीटर लाइन बिछाई जाएगी, जबकि इसके बाद 120 किलोमीटर और विस्तार किया जाएगा। नैनी क्षेत्र में नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।

आठ हजार लोगों की कनेक्शन प्रक्रिया पूरी

वर्तमान में करीब 25 हजार उपभोक्ता पीएनजी का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं लगभग आठ हजार लोगों ने कनेक्शन के लिए प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन उनके घरों तक आपूर्ति अभी शुरू नहीं हुई है। जल्द ही इन उपभोक्ताओं को भी पीएनजी की आपूर्ति शुरू करने की तैयारी है। प्रतिदिन औसतन 30 से 40 लोग नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं।

एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति निर्भरता कम होगी 

पीएनजी की लाइन सभी वार्डों में पहुंचने के बाद चरणबद्ध तरीके से घरों में कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे लोगों को एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग और आपूर्ति पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। जिलापूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

14.79 लाख हैं एलपीजी के उपभोक्ता

शहर में एलपीजी के 14.79 लाख से अधिक उपभोक्ता है। इसमें से 7.20 लाख उपभोक्ता प्रतिमाह गैस की रिफलिंग कराते हैं। 144 एजेंसियों के माध्यम से सिलिंडर की आपूर्ति की जाती है। सबसे अधिक इंडियन आयल की 81 गैस एजेंसी है। दूसरे नंबर पर 35 एजेंसी भारत पेट्रोलियम की और 28 हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की है।

शहर के हर क्षेत्र में पीएनजी की सुविधा लोगों को मिले इसका प्रयास किया जा रहा है। पहले फेज में 800 किलोमीटर तक लाइन बिछाई जा चुकी है। दूसरे फेज में लाइन बिछाने की योजना बनाई जा चुकी है। प्रयास है हर गली मुहल्ले में पीएनजी की सुविधा लोगों को आसानी से मिले।
- पंकज कुमार,एसोसिएट मैनेजर इंडियन आयल अडानी गैस

यह भी पढ़ें- World Tourism Day 2026 : पिछले नौ माह में 23 करोड़ 71 लाख पर्यटकों ने किया प्रयाग दर्शन, तेजी से बढ़ा रूझान

यह भी पढ़ें- TGT-PGT Bharti : पुरानी नियमावली को लेकर परीक्षा कराने का छात्रों को मिला भरोसा, परीक्षा प्रारूप पर असमंजस बरकरार