विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज विकास प्राधिकरण की नई पहल: अब इंदिरा भवन में ही होगी फ्लैटों की रजिस्ट्री, तहसील जाने से मिलेगी मुक्ति

Published: Sat, 10 Oct 2026 04:37 PM (IST)

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) अब फ्लैट खरीदारों को इंदिरा भवन स्थित अपने कार्यालय में ही रजिस्ट्री की सुविधा देगा। इससे ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पीडीए कार्यालय इंदिरा भवन में होगी फ्लैटों की रजिस्ट्री।

  2. आवंटियों को सदर तहसील जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

  3. सप्ताह में एक दिन कैंप लगाकर सुविधा दी जाएगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की आवासीय योजनाओं में फ्लैट खरीदने वालों को रजिस्ट्री कराने के लिए अब सदर तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

आवंटियों की सुविधा के लिए इंदिरा भवन स्थित पीडीए कार्यालय के सभागार में ही कैंप लगाकर रजिस्ट्री कराने की व्यवस्था की जाएगी। एक दिन में 10 फ्लैटों की रजिस्ट्री होने पर सदर तहसील के अधिकारी पीडीए कार्यालय पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी करेंगे।

पीडीए की छह आवासीय योजनाओं में 465 फ्लैटों की बिक्री की प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 200 से अधिक फ्लैटों की बिक्री हो चुकी है। नियमानुसार इन फ्लैटों की रजिस्ट्री सदर तहसील में होती है। ऐसे में आवंटियों को रजिस्ट्री के लिए तहसील जाना पड़ता है। लोगों की इस परेशानी को देखते हुए पीडीए कार्यालय में ही रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।

इसके तहत सप्ताह में एक दिन कैंप लगाने की तैयारी है। जिस दिन कम से कम 10 फ्लैटों की रजिस्ट्री होनी होगी, उस दिन सदर तहसील के अधिकारी पीडीए कार्यालय में पहुंचेंगे। इससे आवंटियों को एक ही स्थान पर रजिस्ट्री कराने की सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी।

पीडीए की इस पहल से फ्लैट खरीदारों को रजिस्ट्री की औपचारिकताएं पूरी करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इस सुविधा से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें तहसील में रजिस्ट्री कराने के लिए अलग से समय निकालना पड़ता है। आने वाले दिनों में प्लाटों की भी रजिस्ट्री की भी मुहैया कराई जाएगी।

पीडीए के संपत्ति अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि आवंटियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय में ही रजिस्ट्री कराने की व्यवस्था शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए कैंप लगाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर कृषि विभाग में सरसों के 16500 बीज मिनीकिट फ्री उपलब्ध, लाभ पाने के लिए ऑनलाइन करें बुकिंग