पीडीए के फ्लैटों पर राजनेताओं का भी दांव, 30 से अधिक नेताओं ने दिखाई रुचि; दस ने 10% देकर कराई बुकिंग
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की आवासीय योजनाओं में 30 से अधिक राजनेताओं ने फ्लैट खरीदने में रुचि दिखाई है। कई ने 10% भुगतान भी कर दिया है।

फ्लैटों की जागरण आर्काइव फोटो।
HighLights
सांसद, विधायक, एमएलसी व ब्लाक प्रमुख भी दिखा रहे रुचि
10 से अधिक विशिष्ट लोगों ने जमा की 10 प्रतिशत धनराशि
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की आवासीय योजनाएं अब आम खरीदारों के साथ राजनेताओं को भी आकर्षित कर रही हैं। बेहतर लोकेशन और आवासीय सुविधाओं के चलते अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े 30 से अधिक नेताओं ने फ्लैट खरीदने में रुचि दिखाई है। इनमें सांसद, विधायक, एमएलसी और ब्लाक प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।
खास बात यह है कि 10 से अधिक राजनेताओं ने फ्लैट की निर्धारित कीमत का 10 प्रतिशत भुगतान भी कर दिया है। इससे पीडीए की आवासीय योजनाओं के प्रति बढ़ते आकर्षण का संकेत मिल रहा है। किसी में अपनी पत्नी के नाम से फ्लैट बुक किया है तो किसी ने बेटे व बहू के नाम से। पीडीए की ओर से छह आवासीय योजनाओं में कुल 465 फ्लैटों की बिक्री की जा रही है।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुकिंग की व्यवस्था की है। फ्लैटों की बुकिंग आनलाइन की जा रही है, जिससे प्रयागराज के अलावा दूसरे जिलों के लोग भी आसानी से आवेदन कर पा रहे हैं।
पीडीए की आवासीय योजना में फ्लैट खरीदने के लिए प्रयागराज के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़, मीरजापुर और जौनपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों के जनप्रतिनिधियों ने भी आवेदन किया है। अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं की दिलचस्पी के कारण इन योजनाओं की चर्चा राजनीतिक गलियारों में भी होने लगी है।
पीडीए के संपत्ति अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि आवासीय योजनाओं की बेहतर लोकेशन के कारण बड़ी संख्या में राजनेताओं ने फ्लैटों की बुकिंग कराई है। कई जनप्रतिनिधियों ने निर्धारित कीमत का 10 प्रतिशत भुगतान भी कर दिया है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज का पद्मलोक अपार्टमेंट: निर्माण शुरू होने के 15 दिन बाद फ्लैटों की बुकिंग, 28 से 30 लाख रुपये होगी कीमत
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में नामांतरण के बाद गृहकर बिल की समस्या खत्म, पहले कंप्यूटर फिर खसरे में दर्ज होगा नाम
