प्रयागराज के पद्मलोक अपार्टमेंट में फ्लैट लेने वाले ध्यान दें, निर्माण के दौरान ही शुरू हो जाएगी बुकिंग
प्रयागराज के पद्मलोक अपार्टमेंट में फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग निर्माण शुरू होने के 15-20 दिन बाद ही शुरू हो जाएगी। ...और पढ़ें

अपार्टमेंट की जागरण आर्काइव फोटो।
HighLights
अपार्टमेंट में 602 फ्लैटों का होगा निर्माण, 28 से 30 लाख रुपये होगी कीमत
ऑनलाइन कर सकेंगे फ्लैटों की बुकिंग, जमा करनी होगी 10 प्रतिशत धनराशि
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद से मुक्त कराई गई जमीन पर बनने वाले पद्मलोक अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदने के लिए लोगों को निर्माण पूरा होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) निर्माण शुरू होने के महज 15 से 20 दिनों बाद ही फ्लैटों की बिक्री के लिए बुकिंग शुरू करने की तैयारी में है।
28 से 30 लाख रुपये में बिकेगा फ्लैट
करीब चार हेक्टेयर जमीन पर 14 मंजिला अपार्टमेंट बनाया जाएगा, जिसमें कुल 602 फ्लैट होंगे। दीपावली से पहले निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। फ्लैटों की कीमत 28 से 30 लाख रुपये के बीच निर्धारित की गई है।
अतीक के घर के पास बनेगा अपार्टमेंट
श्रीकृष्ण पुरी (कसारी-मसारी) क्षेत्र में अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान से कुछ दूरी पर पद्मलोक आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इस योजना के जरिए लोगों को अपेक्षाकृत किफायती कीमत पर अपना घर खरीदने का अवसर मिलेगा। पीडीए की तैयारी है कि निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही बुकिंग प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाए, जिससे इच्छुक खरीदार समय रहते अपनी पसंद का फ्लैट बुक कर सकें।
वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग
पद्मलोक अपार्टमेंट के फ्लैटों की बुकिंग पीडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। बुकिंग के समय खरीदारों को निर्धारित कीमत का 10 प्रतिशत भुगतान करना होगा। शेष धनराशि जमा करने के लिए प्रतिमाह, तीन माह और छह माह के अंतराल पर किस्तों का विकल्प उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे खरीदार अपनी आर्थिक सुविधा के अनुसार भुगतान की योजना बना सकेंगे।
दिवाली के पहले शुरू होगा अपार्टमेंट निर्माण
पीडीए की इस परियोजना में 602 फ्लैटों का निर्माण कराएगा। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि पद्मलोक अपार्टमेंट का निर्माण दिवाली से पहले शुरू करने की तैयारी है। निर्माण शुरू होने के 15 दिन बाद फ्लैटों की बुकिंग प्रारंभ करने की योजना जा रही है।
