विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में प्रयागराज के बाजार गुलजार, ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर भी

By Rajendra Yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 11 Oct 2026 03:53 PM (IST)

शारदीय नवरात्र के अवसर पर प्रयागराज के बाजार ग्राहकों से गुलजार हैं, जहां कपड़े, ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स पर आकर्षक ...और पढ़ें

प्रयागराज के सिविल लाइंस में दोपहिया वाहन की खरीदारी करते लोग। जागरण

प्रयागराज के सिविल लाइंस में दोपहिया वाहन की खरीदारी करते लोग। जागरण

HighLights

  1. कपड़े, ज्वेलरी, वाहन, इलेक्ट्रानिक सामाानों पर दी जा रही छूट

  2. त्योहारी सीजन में कारोबार बढ़ने की व्यापारियों ने जताई उम्मीद

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नवरात्र में बाजार में रौनक छा गई है। चौक, कटरा, सिविल लाइंस, सुलेमसराय, तेलियरगंज के साथ ही नैनी, झूंसी, फाफामऊ में दुकानें सज गई हैं। सबसे अधिक रौनक कपड़ों, ज्वेलरी और ह्वीकल के शोरूम पर नजर आ रही है। इलेक्ट्रानिक की दुकानें भी सज गईं हैं। कई कंपनियों ने नवरात्र को लेकर आफर भी दिए हैं। कार डीलरों के पास बुकिंग और डिलीवरी की पूछताछ बढ़ गई है, जबकि ज्वेलर्स ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज में 5-10 प्रतिशत तक छूट देने की तैयारी में हैं। व्यापारियों को इस बार त्योहारी सीजन में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।

दो व चार पहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग

कार शोरूम के मैनेजर शुभम कुमार, रजनीश ने बताया कि ग्राहक अभी से बुकिंग और डिलीवरी की तिथि को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। पिछले नवरात्र में जिले में करीब 700 से अधिक चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई थी। इस बार बिक्री में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की उम्मीद है। ईवी की बढ़ती खरीदारी भी बाजार को गति दे रही है। दोपहिया वाहन शोरूम के मैनेजर दिलीप कुमार, दीपांकर, शांतनु ने बताया कि दस दिन पहले से ही बुकिंग शुरू हो गई है। अब तक जिले में 2700 से अधिक दोपहिया वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। कंपनियों ने त्योहारी आफर, एक्सचेंज बोनस और फाइनेंस स्कीम की सुविधा प्रदान की है।

मेकिंग चार्ज में पांच से 10 प्रतिशत की छूट

ज्वेलर्स भी इस बार त्योहारी खरीदारी को लेकर उत्साहित हैं। इलाहाबाद ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह, दिलीप सोनी, सुधीर सिंह ने बताया कि 24 कैरेट सोना करीब 1.49 लाख और 22 कैरेट करीब 1.39 लाख रुपये प्रति दस ग्राम है। पिछले वर्ष त्योहारी सीजन में भाव करीब 1.80 लाख रुपये तक पहुंच गए थे। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज पर पांच से दस प्रतिशत तक छूट की तैयारी है। साथ ही हल्के वजन के नये डिजाइन के आभूषण का स्टाक मंगाया गया है।

गरबा की चल रही तैयारी

क्लब, सोसायटी और मुहल्ला स्तर पर गरबा नृत्य का आयोजन किया जाता है। इसमें शामिल होने वाली महिलाएं खास परिधानों के साथ पहुंचती हैं। बाजारों में इस समय सबसे अधिक मांग चनिया चोली, कढ़ाईदार कुर्ते और ग्लास जड़ी ओढ़नियों की है। दुकानों पर पारंपरिक गुजराती परिधानों के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन भी उपलब्ध हैं। झूमर वाली चोली और मिरर वर्क से सजी गरबा ड्रेसेस खूब बिक रही हैं। इनकी कीमत एक हजार रुपये से शुरू होकर दस हजार रुपये तक है, जबकि कुछ डिजाइनर ड्रेस दस हजार से भी अधिक की हैं। चौक के कारोबारी विपुल मित्तल, मो. अकरम बताते हैं कि हर साल नवरात्र पर चनिया चोली की डिमांड बढ़ती है, लेकिन इस बार खासकर युवा लड़कियों में रंग-बिरंगे मिरर वर्क और डिजिटल प्रिंटेड ड्रेस का क्रेज है।

एलईडी, ग्रीजर, मिक्सर ग्राइंडर की बढ़ेगी बिक्री

घरेलू उपयोग के साथ बिजली से साज सज्जा के सामानों की बिक्री भी नवरात्र से तेजी शुरू होगी। कारोबारी प्रदीप गुप्ता, घनश्याम केसरवानी ने बताया कि एलईडी, ग्रीजर, मिक्सर ग्राइंडर, ओवन सहित अन्य सामानों की बिक्री बढ़ेगी। त्योहारी सीजन में छूट भी दी जा रही है। दुकानदार मोहित गुप्ता, सुमित कुमार का कहना है कि प्रेस, हैलोजन हीटर सहित अन्य सामानों की मांग के साथ आफर भी है। 

यह भी पढ़ें- PDA ने 10% राशि जमा नहीं करने वाले आवेदकों के 100 फ्लैटों की बुकिंग निरस्त की, प्रयागराज में बुकिंग हो रही

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में सर्दी का संकेत, एक सप्ताह में 3 डिग्री सेल्सियस गिरा न्यूनतम तापमान, मौसम बदलने लगा