प्रयागराज नगर निगम का रिकार्ड रूम होगा हाईटेक, चंद मिनटों में मिलेंगे वर्षों पुराने अभिलेख
प्रयागराज नगर निगम अपने रिकॉर्ड रूम को 20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बना रहा है। इससे वर्षों पुराने ...और पढ़ें

प्रयागराज नगर निगम।
HighLights
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और भवनों के दस्तावेजों के लिए बनेगी अलग आलमारी
कर्मचारियों को बोरे और कपड़ों के गट्ठरों में रखे दस्तावेज नहीं खंगालने होंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नगर निगम में वर्षों पुराने अभिलेखों को तलाशने के लिए अब कर्मचारियों को बोरे और कपड़ों के गट्ठरों में रखे दस्तावेजों को खंगालने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। नगर निगम अब रिकार्ड रूम को बेहतर बनाने की तैयारी है। इसके लिए 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
करीब 1130 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनने वाले रिकार्ड रूम में दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के साथ ही उन्हें व्यवस्थित तरीके से संरक्षित किया जाएगा। इससे जरूरत पड़ने पर संबंधित अभिलेख चंद मिनटों में खोजे जा सकेंगे।
नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और भवनों से जुड़े पुराने दस्तावेजों का महत्व काफी अधिक है। प्रमाण पत्रों में संशोधन, संपत्ति संबंधी विवाद और अन्य प्रशासनिक कार्यों के दौरान इन अभिलेखों की जरूरत पड़ती है। हालांकि रिकार्ड रूम में दस्तावेजों के व्यवस्थित ढंग से नहीं रखे होने के कारण कर्मचारियों को उन्हें खोजने में काफी समय लग जाता है। कई बार जरूरी कागजात तलाशने में भी परेशानी होती है।
इस समस्या के समाधान के लिए रिकार्ड रूम में विशेष आलमारियां बनाई जाएंगी। जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित दस्तावेज अलग-अलग स्थानों पर रखे जाएंगे। इसी तरह भवनों से जुड़े अभिलेखों के लिए भी अलग व्यवस्था होगी। इससे दस्तावेजों को श्रेणीवार सुरक्षित रखने और जरूरत के समय आसानी से निकालने में मदद मिलेगी।
नगर आयुक्त साईं तेजा ने बताया कि जरूरी दस्तावेज रिकार्ड रूम में ही रहते है जिसके लिए उसे बेहतर करना जरूरी है। आने वाले कुछ दिनों में बेहतर रिकार्ड में बनकर तैयार हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- UPESSC की स्थापना के बाद अब तक की सबसे बड़ी TGT भर्ती, प्रतियोगी छात्रों को 17735 पदों पर नियुक्ति का मिलेगा अवसर
यह भी पढ़ें- Railway Group D Bharti 2024 : अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शुरू, देश भर में भरे जाएंगे 32438 पद
