Railway Group D Bharti 2024 : अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शुरू, देश भर में भरे जाएंगे 32438 पद
Railway Group D Bharti 2024 रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज ने लेवल-एक भर्ती 2024 के अभिलेख सत्यापन (डीवी) और मेडिकल टेस्ट ...और पढ़ें

रेलवे ग्रुप-डी भर्ती 2024 के तहत अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शुरू हो गया है।
HighLights
आरआरबी प्रयागराज में 2,020 पदाें पर रेलवे ग्रुप डी भर्ती के तहत नियुक्ति होगी
परीक्षा से 5 दिन पहले अभ्यर्थी पंजीकरण नंबर से डाउनलोड कर सकेंगे ई-काल लेटर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Railway Group D Bharti 2024 रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज ने उत्तर मध्य रेलवे की लेवल-एक भर्ती (सीईएन 08/2024) के अगले चरण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों का अभिलेखीय सत्यापन (डीवी) 26 अक्टूबर से आयोजित किया जाएगा।
मेडिकल टेस्ट इन शहरों में होगा
डीवी प्रयागराज स्थित रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ कार्यालय (नवाब यूसुफ रोड, सिविल लाइंस) में होगा। डीवी के ठीक अगले कार्य दिवस पर अभ्यर्थियों को नामित रेलवे मंडलीय अस्पतालों-प्रयागराज, कानपुर, आगरा और झांसी में अनिवार्य मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों को दो से चार दिन की निजी तैयारी के साथ पहुंचने की सलाह दी गई है।
विसंगति पर उम्मीदवारी निरस्त होगी
शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी अपने निर्धारित सत्यापन से पांच दिन पूर्व आधिकारिक वेबसाइट (www.rrcpryj.org) से ई-काल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्र (शैक्षणिक, तकनीकी, जन्मतिथि, जाति आदि) निर्धारित प्रारूप में साथ लाने होंगे। किसी भी विसंगति पर उम्मीदवारी निरस्त कर दी जाएगी। इस भर्ती के तहत कुल 32,438 पद भरे जाने हैं, जिनमें अकेले प्रयागराज के 2,020 पद शामिल हैं। इससे पूर्व 3,736 अभ्यर्थियों का पीईटी 25 से 31 जुलाई के बीच डीएसए ग्राउंड में संपन्न हुआ था।
कट-आफ में गड़बडी पर फूटा था अभ्यर्थियों का गुस्सा
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) द्वारा लेवल-एक (ग्रुप डी भर्ती 2024) भर्ती का परिणाम और कट-आफ को लेकर बीते दिनों हंगामा हुआ था। दस्तावेज सत्यापन (डीवी) व मेडिकल परीक्षण की सूची में कथित धांधली व आरक्षण नियमों की अनदेखी को लेकर अभ्यर्थियों ने बुधवार को आरआरसी मुख्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रयागराज में एक्ट अप्रेंटिस कोटे के तहत 404 सीटें निर्धारित हैं, इसमें 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ रेलवे के जरिए एक्ट अप्रेंटिस किया हुए अभ्यर्थियों को मिलना चाहिए था। लेकिन इसमें बाहरी लोगों को भी शामिल किया गया, इससे कट-आफ अप्रत्याशित रूप से अधिक हो गई, जिससे वास्तविक और पात्र अभ्यर्थी चयन से बाहर हो गए हैं।
क्या है कटऑफ
Railway Group D Bharti 2024 आरआरसी द्वारा 100 अंकों में से जारी कट-आफ में अनारक्षित वर्ग 79.06, ओबीसी 78.62, ईडब्ल्यूएस 74.54, एससी 73.79 और एसटी वर्ग का कट-आफ 69.26 अंक निर्धारित किया गया है। वहीं एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) श्रेणी में अनारक्षित का कट-आफ 71.49, एससी 71.44, एसटी 73.04, ओबीसी 71.18 और ईडब्ल्यूएस 71.20 अंक रहा है।
कैटेगरी-वाइज ब्रेकअप सूची
नान-हारिजांटल (एनएस): 1253 अभ्यर्थी
सीसीएए : 400 अभ्यर्थी
पूर्व सैनिक : 282 अभ्यर्थी
दिव्यांगजन : 80 अभ्यर्थी
रिजर्व : पांच पद (कैट व नोटिफिकेशन)
Railway Group D Bharti 2024 कैटेगरी वाइज सूची के माध्यम सत्यापन में गैर-सीसीएए बाहर होंगे। सत्यापन पूरा होने पर दूसरी डीवी जारी होगी।
- डॉ. शिवम शर्मा, सीपीआरओ, उत्तर मध्य रेलवे
