विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में 24 घंटे में 73 मिमी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई मुहल्ले जलमग्न; अगले 7 दिनों तक जारी रहेगा वर्षा का दौर

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 17 Aug 2026 01:28 PM (GMT+05:30)

प्रयागराज में मानसून सीजन की सबसे भारी बारिश दर्ज की गई, 24 घंटे में 73 मिमी वर्षा से कई इलाके ...और पढ़ें

HighLights

  1. रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त किया

  2. सड़कों पर वाहनों के पहिये डूबे, कई इलाकों में घरों में घुसा बारिश का पानी, परेशानी

  3. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार जताए

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सावन के आखिरी दौर में प्रयागराज पर बादल जमकर मेहरबान हुए। 16 अगस्त की रात से 17 अगस्त की सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने इस सीजन में 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश का रिकार्ड बना दिया। पिछले 24 घंटे में 73 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रातभर हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, वहीं सुबह तक आसमान बादलों से घिरा रहा।

इस सीजन में अब तक 400 मिमी बारिश 

लगातार झमाझम बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। आज यानी सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण अगस्त में प्रयागराज में बारिश का कुल आंकड़ा अब 400 मिलीमीटर से अधिक पहुंच गया है। रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई 73 मिमी बारिश ने महीने के बारिश के आंकड़े में एक ही झटके में बड़ा इजाफा किया है।

मुहल्लों की सड़कों और गलियों में जलभराव 

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। सोमवार सुबह से भी आसमान में घने बादल छाए हुए है और रुक-रूक का बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से शहर के जानसेनगंज स्थित निरंजन डाट पुल, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, बैरहना, रामबाग समेत कई इलाकों में सड़कों और गलियों में पानी भर गया। कई जगह तो घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। नाले-नालियां चोक होने से समस्या और भी बढ़ गई। आलम यह रहा कि इन इलाकों में कार के आधे पहिए भी पानी में डूब गए। 

आगामी सात दिन तक मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 22 अगस्त तक प्रयागराज में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। 17 और 18 अगस्त को सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ कुछ दौर में बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 19 अगस्त को भी बारिश के दौर जारी रहने का अनुमान है।

कुछ दिन अधिकतम तापमान नहीं बढ़ेगा 

20 अगस्त को एक-दो दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 21 अगस्त को भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। 22 अगस्त को फिर कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है। बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें- SOG की कार में टक्कर मार भाग निकला माफिया अतीक अहमद का करीबी, पकड़ने गई थी पुलिस टीम

यह भी पढ़ें- गृहकर पर कितना लगा ब्याज, प्रयागराज के बकायेदारों को पता चल सकेगा, बिल के साथ डीटेल भी भेजेगा नगर निगम