विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में रुपये के लिए हैवान बना युवक: पत्नी, भाभी और दो बच्चों पर किया जानलेवा हमला, फिर खुद का गला रेता

By Rajendra Yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 29 Aug 2026 08:28 PM (IST)

हंडिया के बनपुरवा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, भाभी और दो बच्चों पर जानलेवा हमला किया और फिर ...और पढ़ें

प्रयागराज के हंडियाा में जानलेवा हमले में घायल महिला। जागरण

प्रयागराज के हंडियाा में जानलेवा हमले में घायल महिला। जागरण

HighLights

  1. भाइयों की मौत के बाद मिले रुपये को लेकर हुआ विवाद, मुकदमा दर्ज

  2. हंडिया के बनपुरवा गांव में घटना, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बचाई जान

संसू, हंडिया (प्रयागराज)। गगापार में हंडिया क्षेत्र के बनपुरवा गांव में दो सगे भाई की मौत का मामला अभी सुर्खियों में ही था कि शनिवार सुबह इसी परिवार में फिर एक घटना हो गई। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के दारा ने अपनी पत्नी, भाभी और दो बच्चों को जान से मारने का प्रयास किया। पत्नी व भाभी को पीटते हुए सिर को दीवार से टकराया। इसके बाद धारदार हथियार से खुद का गला रेत लिया।

संयोग ही था कि घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने समय रहते दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाल लिया, अन्यथा बड़ी घटना हो जाती। गंभीर रूप से घायल आरोपित व उसकी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के पीछे भाइयों की मौत के बाद मिले रुपये का बंटवारा बताया जा रहा है।

Prayagraj Handia Man Slits Own Throat

बनपुरवा गांव निवासी सुनील कुमार उर्फ दारा शनिवार सुबह अचानक घर के भीतर तेज आवाज में चिल्लाने लगा। आसपास के लोगों के साथ ही उसके घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, इसके पहले चीख पुकार मच गई। दारा ने अपनी पत्नी के साथ ही दिवंगत भाई सुशील कुमार की पत्नी ज्ञान देवी व दो बच्चों की पिटाई करने लगा। पत्नी व भाभी के सिर को दीवार से मारने लगा।

सिपाही भास्कर राय व मनीष यादव ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह भीतर से बंद था। जिस पर दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी भीतर दाखिल हुए तो कमरे में दारा और उसकी पत्नी लहूलुहान पड़े थे, जबकि ज्ञान देवी को मामूली चोट आई थी। दारा ने अपनी गर्दन पर धारदार हथियार से खुद वार किया था। दोनों बच्चों व ज्ञान देवी को सुरक्षित बाहर निकालते हुए दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

ज्ञान देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि दारा आए दिन घरवालों को अपशब्द कहने के साथ ही मारपीट की कोशिश करता था। तीन दिन पहले कहीं से जहरीला पदार्थ भरी पुड़िया ले आया था। थाना प्रभारी हंडिया अनूप सरोज का कहना है कि संतोष व सुशील की मौत के बाद विभिन्न राजनैतिक पार्टियों एवं समाजसेवियों से दारा व उसकी मां को रुपये मिले थे। जिसे दोनों खर्च कर रहे थे।

कुछ रुपये दारा ने अपनी पत्नी व भाभी ज्ञान देवी को दिए थे, जबकि ज्यादातर रुपये खुद रख लिए थे। वह गलत जगह रुपये न खर्च करे, इसलिए उसकी पत्नी रुपये मांगती थी। ज्ञान देवी भी यही बात कहती थी, जिस कारण आक्रोशित होकर दारा ने घटना को अंजाम दिया। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है। आरोपित व उसकी पत्नी से पूछताछ के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

दो भाइयों की मौत में विधायक आदि पर केस दर्ज हुआ था 

बनपुरवा गांव निवासी संतोष कुमार की 11 जून को पेड़ से फंदे के सहारे लटकती लाश मिली थी। इसके एक माह बाद बड़े भाई सुशील कुमार की घर में फंदे से लटकता शव मिला था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। सुशील कुमार की मौत मामले में स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, लोकगीत गायिका सुमित्रा नंदिनी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पांच आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि विधायक और लोकगीत गायिका समेत कई अभी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। मृतकों के स्वजन की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों द्वारा उनके घर पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बड़ी वारदात: युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों से हुआ था विवाद

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में 25 वर्षीय युवक की हत्या, घर से 100 मीटर दूर मिला शव