प्रयागराज के माघ मेले में 300 लोगों को मिलेगा रोजगार, सफाईकर्मियों की होगी भर्ती
प्रयागराज नगर निगम माघ मेले में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 300 अस्थायी सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
माघ मेले में 300 अस्थायी सफाईकर्मियों की होगी भर्ती।
दो महीने के लिए मिलेगी नौकरी, जनवरी-फरवरी तक तैनाती।
मेला क्षेत्र में स्वच्छता और कूड़ा उठान की जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेले में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही नगर निगम 300 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराएगा। माघ मेला के दौरान दो महीने के लिए 300 सफाई कर्मचारियों की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी।
जनवरी और फरवरी तक अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया जाएगा। इन कर्मचारियों की तैनाती मेला क्षेत्र के गंगा-यमुना के विभिन्न सेक्टरों और प्रमुख मार्गों पर की जाएगी। इनकी जिम्मेदारी मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की होगी।
श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने की तैयारी की है, ताकि पूरे मेला अवधि में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने बताया कि माघ मेला वाले क्षेत्रों में तीन पालियों में सफाई कराई जाएगी। श्रमिकों को पांच रुपये से अधिक प्रतिदिन की पारिश्रमिक दी जाएगी। श्रमिकों को आउट सोर्सिंग के माध्यम से रखा जाएगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
5500 नियमित कर्मचारी भी करेंगे सफाई
माघ मेला के दौरान 100 वार्डों की सफाई के लिए रखे गए 5500 कर्मचारियों को सफाई की जिम्मेदारी दी जाएगी। यह सब शहर के प्रमुख चौराहों अन्य वार्डों की सफाई व्यवस्था को बेहतर करेंगे। इसमें नियमित,संविदा और आउट सोर्सिंग कर्मचारी शामिल हैं।