प्रयागराज में जमीन का फर्जी बैनामा: कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
प्रयागराज के डांडी में जमीन के फर्जी बैनामे के मामले में नैनी पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार ...और पढ़ें

प्रयागराज के नैनी थाने में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व चार अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ।
HighLights
डीसीपी यमुनानगर के निर्देश पर नैनी पुलिस ने की यह कार्रवाई
यमुनापार के डांडी में एक जमीन का फर्जी बैनामा करने का मामला
संवाद सहयोगी, जागरण, नैनी। यमुनापार के डांडी में एक जमीन का फर्जी बैनामा करने के मामले में नैनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार द्विवेदी समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई डीसीपी यमुनानगर के निर्देश पर हुई।
नैनी थाना क्षेत्र के डांडी निवासी धर्मराज पटेल पुत्र स्व. ननका पटेल की तहरीर के मुताबिक मौजा डांडी में उनके पांच भाई मोतीलाल, गरीबदास, जगेसर, रोशन लाल तथा भैरोलाल का 500 वर्ग मीटर जमीन है, जिसमें सभी को 1/6 का हिस्सा मिला था। उनके तीन भाई मोतीलाल, गरीबदास, जगेसर और रोशन लाल ने अपना-अपना संपूर्ण अंश पंजीकृत बैनामा करके गंगा सहकारी आवास समिति लिमिटेड के सचिव व कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार द्विवेदी को बेच दिया था।
आरोप के अनुसार अनिल कुमार द्विवेदी ने खरीदे गए हिस्से से अधिक भूमि का बैनामा अन्य लोगों को कर दिया और पूरी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। इस मामले में तहसीलदार करछना द्वारा जांच कराए जाने के बाद यह मामला प्रकाश में आया। उनकी आख्या पर एसडीएम करछना ने मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की।
इसके बाद डीसीपी यमुनानगर के निर्देश पर अनिल कुमार द्विवेदी, राकेश कुमार, राजेश कुमार, अवधेश कुमार त्रिपाठी और एक अज्ञात के खिलाफ नैनी थाना में धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ डॉयोसेसन ट्रस्ट विवाद: UK HC के पूर्व न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह बने प्रशासक, प्रबंधन से जुड़े मामले सुलझाएंगे
यह भी पढ़ें- पदोन्नति से वंचित चैनमैन के खिलाफ 12 साल बाद शुरू विभागीय जांच पर रोक, इलाहाबाद HC ने DM बरेली से मांगा जवाब
