प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेन से कटा कुली, क्या आर्थिक तंगी के चलते कर ली आत्महत्या? फाफामऊ में युवक के दोनों पैर कटे
प्रयागराज जंक्शन पर कानपुर-चित्रकूट इंटरसिटी की चपेट में आने से कुली जतन निषाद की मौत हो गई, आर्थिक तंगी के ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन के इसी प्लेटफार्म पर ट्रेन से कटकर कुली की मौत हुई थी। जागरण
HighLights
प्लेटफार्म नंबर चार पर हादसा, कानपुर-चित्रकूट इंटरसिटी की चपेट में आ गए थे
कान में लीड लगा रेलवे पटरी पार कर रहा युवक ट्रेन की चपेट में आया था युवक
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर चार पर कानपुर-चित्रकूट इंटरसिटी की चपेट में आने से 35 वर्षीय कुली जतन निषाद की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 9:50 बजे की है, जब ट्रेन प्लेटफार्म पर प्रवेश कर रही थी। वहीं गंगापार के फाफामऊ में कान में मोबाइल का लीड लगाकर रेलवे पटरी पार रहा युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसके दोनों पैर कट गए। गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालापुर का मूल निवासी जतन ने की आत्महत्या
प्रयागराज जंक्शन पर हुए हादसे में मृत जतन मूल रूप से लालापुर थाना क्षेत्र के बमौर गांव के निवासी थे। शहर के करेलाबाग में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। 15 वर्षों से स्टेशन पर कुली का कार्य कर रहे थे। साथी कुलियों के अनुसार, वह लंबे समय से गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। स्टेशन पर काम की कमी के चलते परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया था। अनुमान लगाया गया कि इससे परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। जतन के परिवार में पत्नी औश्र 10 साल का बेटा व बेटी हैं।
जीआरपी सीसीटीवी कैमरों की खंगाल रही फुटेज
जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज-लखनऊ ट्रैक पर युवक के दोनों पैर कटे
उधर फाफामऊ के मातादीन का पूरा गांव के सामने मंगलवार सुबह प्रयागराज-लखनऊ रेलवे ट्रैक की पटरी पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसके दोनों पर कट गए। सूचना पर फाफामऊ पुलिस मौके पहुंची और घायल को इलाज के लिए स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया।
गंगा-गोमती ट्रेन की चपेट में आया था शशांक
थरवई थाना क्षेत्र के कोरसंड गांव निवासी 28 वर्षीय शशांक सिंह पुत्र राहुल सिंह हादसे का शिकार हुआ। बताया जाता है कि वह कान में मोबाइल की लीड लगाकर रेलवे की पटरी पर कर रहा था, तभी फाफामऊ से लखनऊ जा रही गंगा-गोमती ट्रेन की चपेट में आ गया। फाफामऊ थाना प्रभारी निरीक्षक छोटक सिंह यादव ने बताया कि शशांक कान में मोबाइल की लीड लगाकर रेलवे की पटरी पार कर रहा था, तभी वह हादसे का शिकार हो गया। सूचना पर घायल के स्वजन अस्पताल पहुंच गए।
