आभूषण कारोबारी का शव रखकर प्रयागराज-रीवा हाईवे जाम किया, घरवालों ने हत्या का आरोप लगाया
प्रयागराज के नैनी में आभूषण कारोबारी भूपेंद्र सोनी की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव के साथ प्रयागराज-रीवा हाईवे जाम कर दिया।

प्रयागराज-रीवा हाईवे पर जाम लगाए आभूषण कारोबारी के घरवालों व लोगों को समझाते पुलिस अफसर। जागरण
HighLights
नैनी के मानस विहार अपार्टमेंट से गिरकर हुई थी मौत
घूरपुर इलाके के थे भूपेंद्र, सारंगापुर में खोली थी दुकान
संसू, जागरण, नैनी (प्रयागराज)। नैनी थाना क्षेत्र के मानस विहार अपार्टमेंट में आभूषण व्यवसाई भूपेंद्र सोनी की संदिग्ध दशा में मौत के मामले में शनिवार शाम को घरवाले आक्रोशित हो उठे। पोस्टमार्टम केक बाद शव को घूरपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-रीवा हाईवे पर रखकर रास्ताजाम कर दिया। घरवालों का आरोप है कि आभूषण कारोबारी की हत्या की गई है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की गिरफ्तारी की जाए। मौके पर एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान और एसीपी करछना कुंजलता समझा-बुझा रहे हैं।
मानस विहार अपार्टमेंट में शुक्रवार को घटना हुई
मानस विहार अपार्टमेंट में शुक्रवार दोपहर बड़ी घटना हो गई। आठ मंजिला अपार्टमेंट से संदिग्ध परिस्थितियों में एक आभूषण व्यवसायी नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वह किस मंजिल से गिरे, कूदे या किसी ने उन्हें धक्का दिया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। नैनी पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस पूरी घटना में एक आश्चर्यचकित करने वाली बात यह सामने आई है कि जिस समय घटना हुई, वहां नैनी थाने के दो दारोगा मौजूद थे। वही व्यवसायी को अस्पताल ले गए थे। दोनों वहां किस काम से गए थे, यह नैनी इंस्पेक्टर स्पष्ट तौर पर नहीं बता पा रहे हैं।
घूरपुर के चंपतपुर के रहने वाले थे कारोबारी
घूरपुर थाना क्षेत्र के चंपतपुर निवासी नेब्बू लाल सोनी के 30 वर्षीय पुत्र भूपेंद्र सोनी सारंगापुर में आभूषण की दुकान चलाते थे। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह अपनी कार से अपार्टमेंट पहुंचे थे। कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने किसी के गिरने की आवाज सुनी। वह अपने-अपने फ्लैट से निकले तो जमीन पर एक युवक खून से लथपथ पड़ा था।
दो दारोगा भूपेंद्र को ले गए थे अस्पताल
इसके बाद वहां दो दारोगा पहुंचे और भूपेंद्र सोनी काे तत्काल चाका सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। भूपेंद्र को यहां लाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान होने के बाद नैनी पुलिस ने स्वजन को घटना की जानकारी दी।
किससे मिलने आए थे अपार्टमेंट?
घरवाले स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे। जानकारी पाकर एसीपी करछना कुंजलता और नैनी थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह अपार्टमेंट पहुंचे और जांच करते हुए लोगों से पूछताछ की। अपार्टमेंट में रहने वालों ने घटना के बारे में जानकारी न होने की बात कही। स्वजन ने पुलिस को बताया कि वह यहां कभी नहीं आते थे। वह यहां किन वजहाें और किससे मिलने आए थे, यह उनकी भी समझ में नहीं आ रहा है।
एक साल पहले हुई थी शादी
स्वजन ने बताया कि भूपेंद्र दो भाई व चार बहनों में सबसे छोटे थे। एक साल पहले उनकी शादी हुई थी। इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट में चौकी प्रभारी एडीए लेखपाल सिंह किसी काम से गए थे और उसी समय घटना हुई। दारोगा किस काम से वहां गए थे, इस बारे में साफ तौर पर नहीं बता सके। वहीं, अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि चौकी प्रभारी के साथ एक और दारोगा थे। एसीपी करछना कुंजलता का कहना है कि भूपेंद्र अपार्टमेंट में किससे मिलने आए थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आभूषण कारोबारी के स्वजन कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता पा रहे हैं। भूपेंद्र के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाई जा रही है।
महिला व दो लड़कियों के भागने की बात आ रही सामने
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सूत्रों की मानें तो इस दौरान एक युवक ने पुलिस को बताया कि तेज आवाज सुनकर जब वह अपने कमरे से बाहर निकला तो एक महिला व दो लड़कियां उसके सामने आ गईं। तीनों डरी हुईं थीं। कमरे में छिपने के लिए कहने लगीं, लेकिन वह भी उनकी हालत देखकर भयभीत हो गया था, जिस कारण उसने साफ मना कर दिया। इसके बाद तीनों सड़क की तरफ भाग निकलीं। हालांकि, पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है।
भूपेंद्र की मौत के बाद खड़े हुए कई सवाल
भूपेंद्र की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। मसलन वह अपार्टमेंट में किससे मिलने और किस काम से गए थे? किस मंजिल से वह नीचे गिरे? घटना के समय दो दारोगा वहां अचानक कैसे पहुंचे थे? दोनों उपनिरीक्षक वहां किस काम से गए थे? ऐसे ही तमाम सवाल हैं, जिसका जवाब सामने आने पर ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव का कहना है कि आभूषण कारोबारी की मौत मामले में सभी बिंदुओं पर जांच हो रही है। उनके मोबाइल नंबर की सीडीआर निकलवाई जा रही है। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा जा रहा है। वह किससे मिलने आए थे, इसका पता लगाया जा रहा है। पूरी संभावना है कि सीडीआर निकलने के बाद पूरा घटनाक्रम सामने आएगा।
