प्रयागराज के घाघर नाले पर बनेगा डैम, तीन लाख लोगों को मिलेगी जलभराव से राहत
प्रयागराज में घाघर नाले पर 20 करोड़ रुपये की लागत से एक डैम बनाया जाएगा। यह परियोजना 3 लाख से अधिक आबादी को जलभराव से मुक्ति दिलाएगी और दिसंबर में काम शुरू होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बारिश होते ही जलभराव की समस्या से जूझने वाले शहर के 10 से अधिक वार्डों के लिए राहत की बड़ी योजना तैयार की गई है। घाघर नाले के उफनाने से होने वाले जलभराव पर अंकुश लगाने के लिए अब नाले पर ही डैम बनाया जाएगा।
इसके जरिए बरसात के पानी को नियंत्रित कर पंपिंग स्टेशन की मदद से सीधे यमुना में पहुंचाया जाएगा। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस डैम से लगभग तीन लाख की आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दिसंबर के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है। आमतौर पर नदियों पर डैम बनाए जाते हैं, लेकिन शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए घाघर नाले पर यह व्यवस्था विकसित की जा रही है।
बारिश के दौरान नाले में पानी का दबाव बढ़ने और निकासी बाधित होने से आसपास के इलाकों में पानी भर जाता है। इसका असर बड़ी आबादी पर पड़ता है। कई मोहल्लों में लोगों को घरों से निकलने और रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के दौरान डैम के गेट को बंद कर दिया जाएगा, जिससे पानी को नियंत्रित तरीके से एकत्रित किया जा सके।
इसके बाद डैम के पास बनाए जाने वाले पंपिंग स्टशन से पानी को मोटरों के जरिए यमुना में छोड़ा जाएगा। इसके लिए पांच बड़े पंप लगाए जाएंगे। प्रत्येक पंप की क्षमता 350 हार्स पावर होगी। परियोजना के अनुसार पंपिंग स्टेशन से 14 हजार लीटर प्रति सेकेंड की क्षमता से पानी की निकासी की जाएगी।
जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए घाघर नाले पर दिसंबर के पहले सप्ताह में बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बारिश के दौरान डैम के गेट बंद करके बरसाती पानी को एकत्रित यमुना में मोटर के माध्यम से छोड़ा जाएगा।
-सीडी मिश्रा, परियोजना प्रबंधक,सीएंडडीएस
यह भी पढ़ें- पांच चरणों में आकार लेगी प्रयागराज की एयरो सिटी, 1000 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
यह भी पढ़ें- प्रयागराज के गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का उठा हिलोर, 'दैनिक जागरण देव दीपावली' में उमड़ा जनसमूह
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।