प्रयागराज में बड़ी छापेमारी, मिलावट की आशंका पर साढ़े नौ कुंतल हल्दी, धनिया व लाल मिर्च पाउडर सीज
प्रयागराज में खाद्य टीम ने यूएन गृह उद्योग मसाला फैक्ट्री पर छापा मारकर मिलावट की आशंका पर 9.6 क्विंटल मसाले ...और पढ़ें

प्रयागराज में खाद्य विभाग ने मसाला फैक्ट्री से 9.6 क्विंटल मिलावटी मसाले सीज किए।
HighLights
माखनचोर स्वीट हाउस से मिठाइयों के नमूने जमा
गंदगी व अन्य अनियमितता मिलने पर दिया नोटिस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के कसारी मसारी, गौस नगर स्थित मसाला फैकट्री यूएन गृह उद्योग का खाद्य टीम ने शुक्रवार को छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। यहां मिलावट की आशंका पर नौ कुंतल 60 किलो हल्दी, धनिया, अमचूर व लालमिर्च पाउडर को सीज किया गया। चार नमूने भी लिए गए। सीज किए गए मसालों की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
खाद्य टीम मसाला फैक्ट्री में पहुंची तो खलबली मच गई। हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, अमचूर पाउडर आदि भंडारित पाया गया। मिलावट की पुष्टि रिपोर्ट में पाए जाने पर उक्त भंडारित मसालों की गुणवत्ता में संदेह होने पर चार नमूने हल्दी, लाल मिर्च, धनिया एवं अमचूर पाउडर का नमूना गुणवत्ता जांच के लिए लिया गया। जबकि नौ बोरी हल्दी, चार बोरी अमचूर, नौ बोरी लाल मिर्च व दस बोरी धनिया पाउडर को सीज किया गया।
इसके पहले शांतिपुरम फाफामऊ स्थित माखनचोर स्वीट हाउस पर प्रशासनिक एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। नायब तहसीलदार सोरांव के नेतृत्व में खाद्य टीम ने यहां से मिठाइयों के दो नमूने एकत्र कराए। पहला नमूना छेना मिठाई व दूसरा मिश्रित दूध का है। साथ ही यहां पर गंदगी व अन्य अनियमितता मिलने पर नोटिस दिया गया।
यहां कार्रवाई के बाद खाद्य टीम ने गद्दोपुर स्थित कृष्णा स्वीट हाउस पहुंची। यहां से बेसन के लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। मेसर्स देवांशी फूड प्लाजा, माधवगंज, कटरा का भी दही एवं सब्जी ग्रेवी के विधिक नमूने संकलित किए गए।
निरीक्षण में स्वच्छता व स्वास्थ्यकर व्यवस्थाओं का उल्लंघन पाए जाने पर साफ-सफाई, खाद्य भंडारण तापमान, स्टाफ हाइजीन एवं कीट नियंत्रण व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई। अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित नौ नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। जिसकी जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
