विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तहसीलदार की गाड़ी के आगे बैठ गए ननकू, बोले...न्याय दिला दो साहब; न पुलिस सुन रही और न ही तहसील के अफसर

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 20 Sep 2026 03:34 PM (IST)

सोरांव तहसील दिवस में ननकू ने अपनी भूमि विवाद की समस्या लेकर तहसीलदार से न्याय की गुहार लगाई, जहां पुलिस ...और पढ़ें

प्रयागराज के गंगापार स्थित सोरांव में तहसीलदार की गाड़ी के सामने बैठे पीड़ित ननकू। जागरण

प्रयागराज के गंगापार स्थित सोरांव में तहसीलदार की गाड़ी के सामने बैठे पीड़ित ननकू। जागरण 


HighLights

  1. सोरांव तहसील दिवस में जा रहे तहसीलदार ने सुनी समस्या

  2. डीएम ने पकड़ी मनमानी, 17 कर्मचारियों पर कार्रवाई

  3. किसी कर्मचारी को नोटिस दी तो किसी को प्रतिकूल प्रविष्टि

संसू, जागरण, सोरांव (प्रयागराज)। भूमिधरी जमीन से नाली निकालने का मामूली विवाद था। दबंग पड़ोसियों ने जीना दुश्वार कर दिया था। विरोध करने पर मारपीट व गाली-गलौज की जाती। पुलिस सुन रही थी न तहसील के अफसर। उसके ही खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई दी गई थी।

सरकारी तंत्र की इस कार्यशैली से आजिज कटरा दयाराम के राजेंद्र प्रसाद उर्फ ननकू को समझ नहीं आ रहा था कि करे तो क्या। शनिवार को तहसील दिवस में पहुंचे और तहसीलदार डा.बृजेश कुमार की सरकारी गाड़ी के आगे बैठ गए। उन्हें उठाया गया और समस्या सुनी गई।

ननकू ने बताया कि वर्ष 2022 से वह दौड़ रहे लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मंडलायुक्त ने मऊआइमा थाने की पुलिस को केस दर्ज कर दबंगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे लेकिन विरोधियों ने पुलिस से साठगांठ कर उसके ही खिलाफ एफआईआर लिखा दी। तहसीलदार ने उन्हे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। 

संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण के नाम पर अधिकारी कोरम पूरा कर रहे हैं। फरियादियों को पता ही नहीं रहता और शिकायतों का निराकरण हो जाता है। ऐसी मनमानियां आए दिन हो रहीं हैं। सोरांव के पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण का सत्यापन हुआ तो 17 कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई।

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निस्तारित हुए 51 मामलों की पड़ताल कराई थी। इसमें 17 कर्मचारियों ने असंतुष्ट फीडबैक दिए। बताया कि फर्जी निस्तारण किया गया। डीएम ने लेखपाल प्रदीप विश्वकर्मा, मो. वारिस को प्रतिकूल प्रविष्टि दी।

होलागढ़ थाने के उपनिरीक्षक रवेंद्र कुमार, सोरांव के लेखपाल वेद प्रकाश द्विवेदी, ज्ञानप्रकाश, राजस्व निरीक्षक अवधेश सिंह, लेखपाल वीरेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश मिश्रा, नवाबगंज थाने के उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह, राजस्व निरीक्षक लालबहादुर सिंह को कारण बताओ नोटिस, मऊदोस्तपुर के विद्युत विभाग के जेई और मेंडरा के लेखपाल सुधीर कुमार पांडेय को कठोर चेतावनी दी है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में 551 अन्य फरियादी आए। इनमें से 14 शिकायतों का निस्तारण हो गया। सीडीओ हर्षिका सिंह, एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय, सीएमओ डा.एके तिवारी मौजूद रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, सहायक निदेशक मत्स्य, जोनल आफिसर जोन-7 फाफामऊ संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। डीएम ने इनसे स्पष्टीकरण तलब किया है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-प्रतापगढ़ से प्रयागराज आने वाले ध्यान दें, राजापुर दधिकांदो मेला को लेकर आज रूट डायवर्जन रहेगा

यह भी पढ़ें- UP Board: ऑनलाइन उपस्थिति सुधारने वाले स्कूलों को फायदा, बोर्ड परीक्षा केंद्र बनने का मजबूत होगा दावा