विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज से लखनऊ-अयोध्या रूट पर रात में रोडवेज बसों का किराया कम लगेगा, दिन में यात्रियों को देना होगा अधिक

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 05 Oct 2026 02:49 PM (IST)

प्रयागराज में अब रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक रोडवेज बसें फाफामऊ पुल से चलेंगी, जिससे यात्रियों को ...और पढ़ें

रात में राहत: फाफामऊ पुल से गुजरेंगी रोडवेज बसें, किराया कम लगेगा।

रात में राहत: फाफामऊ पुल से गुजरेंगी रोडवेज बसें, किराया कम लगेगा।

HighLights

  1. रात 10 से सुबह 7 बजे तक फाफामऊ पुल से होकर चलेंगी बसें, क्षेत्रीय प्रबंधक ने जारी किए आदेश

  2. दिन में झूंसी-सहसों होकर बस डायवर्जन लागू रहेगा, दिन में बढ़ा किराया और अतिरिक्त समय लगेगा

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। फाफामऊ गंगा पुल पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए किए गए रूट डायवर्जन के बीच रोडवेज ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक रोडवेज बसों का संचालन पुराने मार्ग यानी फाफामऊ पुल से ही किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक ने यातायात पुलिस से समन्वय के बाद इसके आदेश जारी कर दिए हैं और सभी बस चालकों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

रात में अधिक किराया नहीं देना होगा, समय भी बचेगा

रात में फाफामऊ पुल से संचालन होने के चलते यात्रियों को बढ़े हुए किराये से राहत मिलेगी और करीब डेढ़ घंटे का समय भी बचेगा। हालांकि दिन में बसों का फाफामऊ पुल से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और बसें पूर्व निर्धारित डायवर्टेड रूट (शास्त्री पुल, झूंसी और सहसों बाईपास) से ही संचालित होंगी।

दिन के सफर में दूरी, समय और किराया ज्यादा

दिन में बसें सीएमपी, सोहबतियाबाग और बैरहना होते हुए शास्त्री पुल (झूंसी) और सहसों बाईपास के रास्ते सोरांव के भावपुर होकर लखनऊ, अयोध्या और प्रतापगढ़ के लिए जा रही हैं। इस रूट से लखनऊ की दूरी 22 किमी और अयोध्या की 17 किमी बढ़ गई है, जिससे दिन में सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय और बढ़ा हुआ किराया चुकाना पड़ रहा है।

दिन के डायवर्जन रूट पर लागू किराया

लखनऊ: साधारण बस 343 रुपये (पहले 308 रुपये), जनरथ 3X2 396 रुपये (पहले 355 रुपये), जनरथ 2X2 433 रुपये (पहले 387 रुपये) और वॉल्वो 610 रुपये (पहले 545 रुपये)।

अयोध्या धाम: साधारण 298 रुपये (पहले 272 रुपये), जनरथ 3X2 346 रुपये (पहले 316 रुपये) और जनरथ 2X2 449 रुपये (पहले 411 रुपये)।

रायबरेली: साधारण 223 रुपये (पहले 188 रुपये), जनरथ 3X2 257 रुपये, जनरथ 2X2 281 रुपये और वॉल्वो 399 रुपये।

प्रतापगढ़: साधारण 115 रुपये (पहले 93 रुपये), जनरथ 3X2 133 रुपये और 2X2 175 रुपये।

अन्य रूट: सुल्तानपुर साधारण 179 रुपये (जनरथ 3X2 208 रुपये, 2X2 272 रुपये), बस्ती साधारण 394 रुपये (जनरथ 2X2 501 रुपये), गोरखपुर वाया अयोध्या 485 रुपये, गोण्डा 360 रुपये और बहराइच 446 रुपये।

रात 10 बजे से सुबह 7 बजे के बीच राहत 

रात 10 बजे से सुबह 7 बजे के बीच सफर करने वाले यात्रियों को पुराना सामान्य किराया ही देना होगा। दिन में डायवर्जन के कारण बैरहना और सोहबतियाबाग में जाम तथा पुल पर गलत दिशा से आने वाले वाहनों की समस्या अभी भी बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में ठंड की दस्तक इस बार 15 दिन पहले होगी, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से दिखने लगेगा असर

यह भी पढ़ें- कभी नहीं आईं महारानी विक्टोरिया... फिर भी नाम 'रानी मंडी', प्रयागराज के इस इलाके की ब्रिटिश शासन काल से पहचान