प्रयागराज में 27 नवंबर को पूर्व सैनिकों के लिए लगेगा रोजगार मेला; सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स में मिलेंगे नौकरी के अवसर
प्रयागराज में 27 नवंबर को पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेला आयोजित होगा। रक्षा मंत्रालय के डीजीआर द्वारा आयोजित इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी के अवसर मिलेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
प्रयागराज में 27 नवंबर को पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार मेला।
रक्षा मंत्रालय के डीजीआर द्वारा आयोजित, निःशुल्क पंजीकरण उपलब्ध।
सुरक्षा, आईटी, लॉजिस्टिक्स सहित कई क्षेत्रों में अवसर।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सेना से सेवानिवृत्त होकर नागरिक कार्यक्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे पूर्व सैनिकों के लिए अच्छी खबर है। रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत डायरेक्टोरेट जनरल रीसेटलमेंट (डीजीआर) की ओर से 27 नवंबर को प्रयागराज में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। न्यू कैंटोनमेंट स्थित कोबरा आडिटोरियम में सुबह सात बजे से लगने वाले इस मेले में थल सेना, नौसेना और वायु सेना के पूर्व सैनिकों को विभिन्न कंपनियों और उद्योगों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
इस रोजगार मेले में सुरक्षा, आईटी, प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग सहित कई क्षेत्रों के प्रमुख नियोक्ता शामिल होंगे। इसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों के सैन्य अनुभव, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता का नागरिक कार्यबल में उपयोग करना है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में डीजीआर देशभर में पूर्व सैनिकों के लिए 18 रोजगार मेलों का आयोजन कर रहा है।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए पूर्व सैनिकों और नियोक्ताओं का पंजीकरण शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि पंजीकरण पूरी तरह निश्शुल्क है। नियोक्ता पूर्व सैनिकों के बायोडाटा देखकर अपनी जरूरत के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट कर सकेंगे। मेले में साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया भी आयोजित की जा सकेगी।
इच्छुक पूर्व सैनिक और नियोक्ता www.esmhire.com पर पंजीकरण कर सकते हैं। यह पूर्व सैनिकों के लिए विकसित एआइ आधारित जाब प्लेटफॉर्म है। इसके अलावा डीजीआर की वेबसाइट www.dgrindia.gov.in पर 'जॉब फेयर' विकल्प के माध्यम से भी पंजीकरण किया जा सकता है।
पीआरओ एवं प्रवक्ता, रक्षा मंत्रालय विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए संयुक्त निदेशक, डीआरजेड (केंद्र) से ईमेल drzclkw@desw.gov.in अथवा फोन 05222481192, संयुक्त निदेशक (SE), DGR से seopadgr@desw.gov.in अथवा 011-20863432 और निदेशक (SE), DGR से dirsedgr@desw.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।