प्रयागराज एक्सप्रेस में महिला यात्री से सोने का कुंडल झपटा, कई अन्य ट्रेनों में भी चोरी की घटनाएं हुईं
प्रयागराज एक्सप्रेस में एक महिला यात्री से सोने का कुंडल झपटने की घटना हुई, जिसके बाद जीआरपी प्रयागराज ने मामला ...और पढ़ें

प्रयागराज एक्सप्रेस में महिला यात्री से सोने की इयर रिंग की झपटमारी हुई।
HighLights
जीआरपी प्रयागराज ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
अलग-अलग ट्रेनों में हुई घटनाओं से सुरक्षा पर सवाल
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं। प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन में प्रयागराज की महिला की कान से सोने का कुंडल छीना गया। वहीं कई ट्रेनों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। जीआरपी प्रयागराज ने मुकदमा दर्ज किया है।
नई दिल्ली स्टेशन पर कुंडल छीना
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी प्रयागराज एक्सप्रेस (12418) के कोच एस-वन की बर्थ संख्या 65 पर बैठी महिला यात्री प्रजा देवी (निवासी मेजा, प्रयागराज) के साथ झपटमारी की वारदात हुई। ट्रेन के रवाना होने के ठीक पहले पतले कद-काठी का एक अज्ञात युवक पहुंचा और महिला के कान से सोने का कुंडल (इयर रिंग) छीनकर तेजी से भाग निकला।
ट्रेन में हेल्पलाइन नंबर पर कॉल नहीं उठी
पीड़िता ने ट्रेन चलने के दौरान हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की कोशिश की मगर कॉल रिसीव नहीं हुई। अंततः प्रयागराज जंक्शन पहुंचकर उन्होंने जीआरपी थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
रामेश्वरम एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी
इसी के साथ ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान व मोबाइल चोरी की कई अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। अयोध्या कैंट से रामेश्वरम जा रही रामेश्वरम एक्सप्रेस (22614) के एस-टू कोच में सफर कर रहे अजय कुमार गुप्ता की पत्नी का पोको मोबाइल फोन, प्रयागराज स्टेशन से ट्रेन छूटते ही चार्जिंग प्वाइंट से चोरी हो गया।
सुपौल-पुणे एक्सप्रेस में जेब से आईफोन चोरी
उधर, सुपौल-पुणे एक्सप्रेस (11402) के कोच एस-तीन में सांगली (महाराष्ट्र) निवासी सुरेश अदाटे का आईफोन-11 अज्ञात चोर ने सुबह तड़के उनकी जेब से निकाल लिया। पीड़ित ने जीआरपी में इसकी शिकायत दी।
गोरखपुर एक्सप्रेस में नकदी, मोबाइल आदि गायब
गोरखपुर एक्सप्रेस (19490) के एस-तीन कोच में प्रयागराज पहुंचने से पहले अशोक कुमार की पत्नी का लेडीज पर्स पार कर दिया गया। पर्स में 4600 रुपये नकदी, दो मोबाइल, एटीएम और जरूरी आधार कार्ड रखे थे।
अजमेर हमसफर एक्सप्रेस के एसी कोच से मोबाइल चोरी
इसके अलावा, अजमेर हमसफर एक्सप्रेस (13423) के एसी कोच बी-10 में यात्रा कर रहीं नूतन देवी का भी मोबाइल फोन प्रयागराज के पास चोरी हो गया। जीआरपी पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
