प्रयागराज में शहर के हर कोने तक दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, कनिहार में नया बस स्टेशन बनाने की तैयारी
प्रयागराज में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का विस्तार किया जा रहा है ताकि शहर के हर कोने तक बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।

लेप्रोसी चौराहे के पास स्थित बस स्टेशन में खड़ी सिटी बसें
HighLights
प्रयागराज में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का होगा विस्तार।
करीब 150 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ेंगी।
कनिहार में नया बस स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले समय में शहर की हर दिशा और सीमा तक इलेक्ट्रिक सिटी बसें सरपट दौड़ेंगी। लोगों को टेंपो, ऑटो और ई-रिक्शा में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। करीब छह साल पहले शुरू हुई इस कवायद को अब विस्तार देने की तैयारी है। आगे चलकर करीब 150 इलेक्ट्रिक बसें शहर की सड़कों पर दौड़ेंगी। शहर की हर प्रमुख सीमा पर इनका बस अड्डा होगा।
वर्ष 2021 में शहर को सिटी बस की सुविधा मिली थी। इस समय अलग-अलग पांच रूटों पर यह सुविधा उपलब्ध है। इसमें 45 इलेक्ट्रिक सिटी बसें दौड़ रहीं हैं। जबकि, पांच बसें ऑफ रोड हैं। इनके भी जल्द ही सड़कों पर उतरने की उम्मीद है। हर रोज लगभग छह हजार यात्री इन सिटी बसों का लाभ उठा रहे हैं। लेकिन, यह पर्याप्त नहीं है।
अब भी तमाम लोग टेंपों, टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शे में धक्के खाते हैं। कई मार्गों पर सिटी बस है नहीं तो कई रूटों पर इनकी संख्या कम है। शासन की ओर से शहर में इनकी संख्या बढ़ाने की तैयारी है। सिटी बसों के स्टेशनों व वर्कशाप की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। सिटी बस का एक स्टेशन लेप्रोसी चौराहे के पास पहले से ही चल रहा है।
अब कनिहार में एक और बस स्टेशन बनाने की तैयारी है। यहां से भी 50 इलेट्रिक बसों का संचालन होगा। इसके लिए तीन एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। परिवहन निगम इसके लिए नगर निगम को प्रस्ताव भेजेगा। नगर निगम की ओर से सदन की बैठक में इसे स्वीकृति के लिए रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज एयरो सिटी: जमीन खरीदने की प्रक्रिया तेज, PDA खुद किसानों के दरवाजे पहुंचा; बिचौलिए की कोई भूमिका नहीं
इसके अलावा परिवहन निगम के अधिकारियों ने बस स्टेशन के बिजली के कनेक्शन के लिए भी कवायद शुरू कर दी है। ताकि, आगे चलकर दिक्कत न आए। कनिहार के बाद शहर के दूसरे इलाकों में सिटी बस के स्टेशन बनाने पर काम होगा। अतिरिक्त बसें भी आएंगी।
शहर में सिटी बसों की संख्या बढ़ाई जानी है। फिलहाल, कनिहार में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का स्टेशन बनना है। जमीन चिन्हित है। इसके बाद शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुविधा का विस्तार किया जाएगा।- रवींद्र कुमार सिंह,आरएम, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम, प्रयागराज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।