5 अरब से बदलेगा जल निकासी तंत्र, 100 वार्डों में बनेंगे नाले-नालियां; प्रयागराज शहर में जलभराव की दूर होगी समस्या
प्रयागराज में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने 500 करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

प्रयागराज में जलभराव की समस्या दूर करने को बड़ा प्रोजेक्ट बनाया गया है। फोटो : जागरण आर्काइव
HighLights
जलभराव से राहत के लिए नगर निगम ने तैयार किया व्यापक खाका
पुराने व संकरे नालों का भी होगा कायाकल्प, लोगों की दिक्कत होगी दूर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से जूझने वाले लोगों को आने वाले समय में राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम ने शहर के जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़े स्तर पर कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत सभी 100 वार्डों में नए नाले और नालियां बनाई जाएंगी। इस पूरी कवायद पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की तैयारी है।
इन क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम सुधरेंगे
नगर निगम की योजना के अनुसार शहर के जिन इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था कमजोर है, वहां जरूरत के अनुसार नए नाले और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। जार्जटाउन, टैगोर टाउन, नैनी, झूंसी, झलवा, फाफामऊ समेत विभिन्न क्षेत्रों को योजना में शामिल किया गया है। इसके साथ ही वर्षों पुराने और संकरे हो चुके नालों को भी दुरुस्त किया जाएगा, ताकि बारिश के पानी की निकासी तेजी से हो सके।
जलभराव नहीं झेलना पड़ेगा
शहर के कई मोहल्लों में बारिश के दौरान नाले-नालियां ओवरफ्लो होने से सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ ही लोगों को काफी परेशानी होती है। कई स्थानों पर जल निकासी के लिए पर्याप्त क्षमता न होने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। नगर निगम का लक्ष्य नए निर्माण के साथ मौजूदा जल निकासी ढांचे की क्षमता बढ़ाना है।
पार्षदों से मांगी गई सूची
नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि वार्डवार जरूरत का आकलन कर कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी पार्षदों से सूची मांगी गई है। कुछ ने दे दी है कुछ लोग एक सप्ताह में सूची उपलब्ध करा देंगे उसके बाद टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
