खोखले पोल व्यवस्था की खोल रहे पोल, शिकायतों और दावों के बीच मरम्मत का इंतजार कर रहे प्रयागराज के लोग
प्रयागराज में 300 से अधिक जर्जर और खोखले बिजली के खंभे हादसों का खतरा बने हुए हैं। अधिकारी दावों के ...और पढ़ें

प्रयागराज के सुलेमसराय में बिजली के खोखले व सैनिक विहार कालोनी में बदहाल पोल। जागरण
HighLights
पुराने शहर में सबसे खराब स्थिति, नीचे से गल चुके खंभे
बिजली खंभे जर्जर होने के कारण हर वक्त हादसे का खतरा
राजेंद्र यादव, प्रयागराज। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारी बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के चाहे जितने दावे करें, लेकिन शहर के विभिन्न मुहल्लों में खड़े जर्जर बिजली के पोल इन दावों की हकीकत बयां कर रहे हैं। स्थिति यह है कि शहर का शायद ही कोई ऐसा मुहल्ला हो, जहां जर्जर और नीचे से खोखले हो चुके बिजली के खंभे नजर न आएं। कई जगह पोल नीचे से गल चुके हैं तो कहीं उनका निचला हिस्सा पूरी तरह खोखला हो गया है। कुछ खंभे एक तरफ झुक गए हैं और कभी भी गिर सकते हैं।
शहर में 300 से अधिक बिजली के पोलों की हालत खराब है। कटरा, सलोरी, गोविंदपुर, गढ़ी कला, शाहगंज, मीरापुर, रानीमंडी, अटाला, करेली, जीटीबी नगर, सोलह मार्केट, गौसनगर, चकिया, बमरौली, ट्रांसपोर्ट नगर, सैनिक कालोनी, मोहत्सिमगंज, बेली गांव, ऊंचवागढ़ी, राजापुर समेत कई मुहल्लों की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। इन खंभों के आसपास से गुजरने वाले लोगों को हमेशा दुर्घटना का डर सताता रहता है।
खंभों की हालत ऐसी हो चुकी है कि उन्हें देखकर ही उनकी मजबूती का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोहे के पोल नीचे से जंग लगने के कारण कमजोर हो गए हैं। बारिश और नमी के कारण भी कई खंभों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इसके बावजूद इन पर बिजली के तारों का बोझ बना हुआ है। कई स्थानों पर एक ही पोल पर कई तार और केबल लटके हुए हैं।
खास-खास
300 से अधिक पोल जर्जर
डिवीजन में स्थिति खराब
पुराने शहर में सबसे ज्यादा खतरा
पुराने शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में जर्जर पोल बड़ी समस्या बने हुए हैं। यहां संकरी गलियों में लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को ऐसे खंभों के पास से गुजरना पड़ता है। कई जगह मकानों और दुकानों के ठीक सामने कमजोर पोल खड़े हैं। ऐसे में पोल गिरने की स्थिति में जान-माल का नुकसान हो सकता है।
लोगों ने बयां किया दर्द...
कई बिजली के खंभे नीचे से खोखले हो चुके हैं। इसे प्राथमिकता के तहत तत्काल बदलवाए जाने की जरूरत है।
- बीके शर्मा, अल्लापुर।
गलियों में दिनभर बच्चों व बुजुर्गों का आना-जाना रहता है। जर्जर खंभों के आसपास से गुजरते समय डर लगता है।
- विवेक श्रीवास्तव, साउथ मलाका।
कई स्थानों पर दुकानों के सामने खंभे नीचे से गल गए हैं। यदि कोई खंभा गिरता है तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
- नितिन प्रजापति, आजाद नगर।
मुहल्ले में खंभों की स्थिति का सर्वे कराया जाना चाहिए। जिन पोलों की हालत ज्यादा खराब है, उन्हें पहले बदला जाए।
- फरीद, बहादुरगंज।
जर्जर खंभों को बदलवाने के लिए सभी उपकेंद्र के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण कर प्राथमिकता के तहत यह कार्य हो रहा है। सप्ताह भर बाद इसकी रिपोर्ट ली जाएगी।
- राजेश कुमार, मुख्य अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड।
