यात्रियों को बड़ी राहत: दिल्ली रूट का रेल यातायात बहाल, समय पर रवाना होंगी हमसफर समेत सभी ट्रेनें
दिल्ली रूट पर रेल यातायात सामान्य हो गया है, जिससे प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली ...और पढ़ें

HighLights
दिल्ली रूट पर रेल यातायात पूरी तरह सामान्य।
प्रयागराज से सभी ट्रेनें निर्धारित समय पर चलेंगी।
शुक्रवार को 250 ट्रेनें हुई थीं रद्द।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। दिल्ली में प्रदर्शन और घेराव के चलते शुक्रवार को बाधित हुआ रेल यातायात अब पूरी तरह सामान्य हो चुका है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) क्षेत्र से गुजरने वाली और यहां से शुरू होने वाली सभी ट्रेनों का संचालन अपने निर्धारित समय पर बहाल कर दिया गया है।
250 ट्रेनों को किया था निरस्त
शुक्रवार को स्थिति काफी विकट थी, जब देश भर में लगभग 250 ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा था। इनमें से 70 से अधिक ट्रेनें ऐसी थीं जो उत्तर मध्य रेलवे क्षेत्र से गुजरती थीं और उन्हें उनके प्रारंभिक स्टेशनों से ही रद कर दिया गया था। अचानक ट्रेनें रद होने से हजारों यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी या भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
हालांकि, शनिवार को हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और रेलवे की ओर से किसी भी ट्रेन को रोकने या निरस्त करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। प्रयागराज से राजधानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर मध्य रेलवे की सभी सातों प्रमुख ट्रेनें आज पूरी तरह तैयार हैं।
स्पेशल ट्रेन भी समय पर चलेगी
संगम नगरी की शान प्रयागराज एक्सप्रेस अपने तय समय पर रात 10:10 बजे प्लेटफार्म नंबर एक से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। वहीं, आधुनिक सुविधाओं से लैस हमसफर एक्सप्रेस रात 10:30 बजे प्लेटफार्म नंबर छह से अपने गंतव्य के लिए सीटी बजाएगी। इसके अलावा दिल्ली के उपनगरीय इलाके की यात्रा सुगम बनाने के लिए शकूरबस्ती जाने वाली दादरी विशेष ट्रेन भी पटरी पर दौड़ने के लिए तैयार है।
उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डाॅ. अमित मालवीय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नेटवर्क पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य हो चुकी है और शनिवार को सभी ट्रेनें अपने तय समय पर चलाई जा रही हैं। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के पूरे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
