विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत; यहां देखें सूची

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:49 PM (IST)

पश्चिम मध्य रेलवे ने शारदेय नवरात्र के दौरान मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. मैहर में शारदेय नवरात्र हेतु 15 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव।

  2. पश्चिम मध्य रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया।

  3. यह व्यवस्था 10 से 22 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शारदेय नवरात्र के दौरान मां शारदा देवी के दर्शन के लिए मैहर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। पश्चिम मध्य रेलवे ने नवरात्र मेले के मद्देनजर मैहर स्टेशन पर 15 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को मंजूरी दी है। ये ट्रेनें निर्धारित तारीखों में दोनों दिशाओं से मैहर स्टेशन पर पांच मिनट रुकेंगी।

यह व्यवस्था 10 से 22 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर लागू रहेगी। इससे मध्य प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को मैहर पहुंचने और वहां से आगे की यात्रा करने में सहूलियत मिलेगी। जिन ट्रेनों का नियमित ठहराव मैहर में नहीं है, उनमें भी यात्री निर्धारित अवधि के दौरान उतर और चढ़ सकेंगे।

15 जोड़ी ट्रेनों के लिए जारी हुआ शेड्यूल

रेलवे ने ट्रेनों के मैहर स्टेशन पर पहुंचने और रवाना होने का समय भी जारी किया है। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और समय जरूर जांच लें, क्योंकि सभी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव एक ही अवधि के लिए नहीं है।

ये प्रमुख ट्रेनें रुकेंगी

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस मैहर में रात 3:10 बजे पहुंचेगी और 3:15 बजे रवाना होगी। वापसी में गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस रात 8:25 बजे पहुंचकर 8:30 बजे रवाना होगी।

चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस रात 8:50 से 8:55 बजे तक तथा छपरा-चेन्नई एक्सप्रेस सुबह 7:25 से 7:30 बजे तक मैहर में रुकेगी। वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस दोपहर 3:05 से 3:10 बजे और मुजफ्फरपुर-वलसाड एक्सप्रेस सुबह 11:40 से 11:45 बजे तक ठहरेगी।

इसके अलावा दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस सुबह 5:35 से 5:40 बजे, नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस रात 1:55 से 2 बजे, पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस सुबह 11:05 से 11:10 बजे तथा गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस सुबह 4:20 से 4:25 बजे तक मैहर स्टेशन पर रुकेगी।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस सुबह 6:45 से 6:50 बजे और अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस सुबह 8:50 से 8:55 बजे तक ठहरेगी। बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस दोपहर 3:05 से 3:10 बजे तथा पटना-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस सुबह 8:15 से 8:20 बजे तक मैहर में रुकेगी।

इसी तरह पुणे-बनारस एक्सप्रेस सुबह 11:05 से 11:10 बजे और बनारस-पुणे एक्सप्रेस सुबह 11:25 से 11:30 बजे तक ठहरेगी। अन्य निर्धारित ट्रेनों में छपरा, रक्सौल, धनबाद, पूर्णा और गुवाहाटी की ओर जाने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- रेलयात्री ध्यान दें... 9-10 अक्टूबर को दिल्ली रूट की कई ट्रेनें निरस्त, भोपाल से इंदौर और जबलपुर तक असर; सफर से पहले देखें लिस्ट

नवरात्र में मैहर पहुंचना होगा आसान

शारदेय नवरात्र के दौरान मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लंबी दूरी की ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने से यात्रियों को मैहर उतरने के लिए दूसरे स्टेशन का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। रेलवे की इस व्यवस्था से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।