रेलयात्री ध्यान दें... 9-10 अक्टूबर को दिल्ली रूट की कई ट्रेनें निरस्त, भोपाल से इंदौर और जबलपुर तक असर; सफर से पहले देखें लिस्ट
दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है क्योंकि 9 और 10 अक्टूबर को कई ट्रेनें रद्द या ...और पढ़ें

HighLights
रेलवे विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों को रद किया ।
नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर यातायात दबाव के कारण बदलाव।
मध्य प्रदेश के जबलपुर, भोपाल, इंदौर से चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास 10 अक्टूबर को भारी यातायात दबाव की आशंका के बीच रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इसका असर मध्य प्रदेश से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर, भोपाल और रानी कमलापति से चलने वाली कुछ प्रमुख ट्रेनें निरस्त की गई हैं, जबकि रतलाम रेल मंडल से संबंधित दो ट्रेनों को पांच घंटे की देरी से चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को मुंबई से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित भोपाल, जबलपुर और इंदौर से संचालित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। वहीं, कोटा से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को निरस्त रहेगी। ऐसे में दिल्ली की यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लेना चाहिए।
रतलाम मंडल की दो ट्रेनें पांच घंटे देरी से चलेंगी
रतलाम रेल मंडल से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। दोनों ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से रवाना होंगी।
12951 मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस: निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से चलेगी।
12953 मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति एक्सप्रेस: निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से रवाना होगी।
इंदौर और डॉ. आंबेडकर नगर (महू) से चलने वाली ये ट्रेनें रद
रतलाम मंडल के अंतर्गत आने वाले इंदौर और डॉ. आंबेडकर नगर स्टेशनों से 9 अक्टूबर को रवाना होने वाली चार ट्रेनों को निरस्त किया गया है।
20155 डॉ. आंबेडकर नगर–नई दिल्ली एक्सप्रेस
09309 इंदौर–हजरत निजामुद्दीन स्पेशल एक्सप्रेस
12415 इंदौर–नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस
12247 बांद्रा टर्मिनस–हजरत निजामुद्दीन युवा एक्सप्रेस
इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करना होगा।
जबलपुर और भोपाल से दिल्ली जाने वाली ये ट्रेनें भी निरस्त
पश्चिम मध्य रेलवे से संबंधित सूचना के अनुसार, 9 अक्टूबर को जबलपुर और रानी कमलापति से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली कई प्रमुख ट्रेनें भी नहीं चलेंगी।
22221 मुंबई–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से निरस्त।
22181 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस: जबलपुर से रवाना नहीं होगी।
12189 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन महाकौशल एक्सप्रेस: निरस्त।
12121 जबलपुर–हजरत निजामुद्दीन एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस: निरस्त।
12155 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस: 9 अक्टूबर को निरस्त।
इसके अलावा, 12059 कोटा–हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को कोटा जंक्शन से रवाना नहीं होगी।
दिल्ली में ट्रैफिक जाम की आशंका, रेलवे ने बदला परिचालन
रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होकर 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को लेकर निर्णय लिया गया है।
दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। इससे स्टेशन तक पहुंचने और यात्रियों की आवाजाही में परेशानी होने की संभावना जताई गई है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के एलान के बीच सुरक्षा व्यवस्था
10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी दलों और कुछ छात्र संगठनों की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का एलान किया गया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाए हैं।
हालांकि, रेलवे ने ट्रेनों के निरस्तीकरण और प्रस्तावित प्रदर्शन के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए रेलवे की ओर से जारी परिचालन संबंधी सूचनाओं पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है।
यात्रा से पहले ऐसे जांचें ट्रेन का स्टेटस
दिल्ली की ओर जाने वाले यात्री घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि जरूर करें। इसके लिए ट्रेन नंबर और यात्रा की तारीख के आधार पर रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा, NTES या अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे ट्रेन के निरस्त होने, देरी से चलने या प्रस्थान समय में बदलाव की जानकारी मिल सकेगी।
