ऑनलाइन बकरी सप्लाई के आर्डर पर प्रयागराज में 3.75 लाख की ठगी, सप्लायर बनकर अपराधी ने जाल में फंसाया
प्रयागराज में ऑनलाइन बकरी सप्लाई के ऑर्डर पर ग्रामीण विकास समिति के सदस्य से 3.75 लाख रुपये की ठगी हुई। ...और पढ़ें

बकरी खरीद के नाम पर प्रयागराज के एक व्यक्ति से लाखों की ऑनलाइन ठगी की गई।
HighLights
ग्रामीण विकास समिति के सदस्य से की गई ठगी
धूमनगंज थाने में आइटी एक्त के तहत रिपोर्ट दर्ज
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगर आप भी आनलाइन कुछ खरीदना या बेचना चाहते हैं तो सतर्क हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि आप भी ठगी के जाल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई की रकम गवां दें। ऑनलाइन धोखाधड़ी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करीब 110 बकरी सप्लाई का आर्डर करने पर ग्रामीण विकास समिति के सदस्य शिवभूषण पांडेय से 3.75 लाख रुपये की ठगी हो गई। इससे परेशान भुक्तभोगी ने सुनील चावला नामक व्यक्ति के खिलाफ धूमनगंज थाने में आइटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
ठग ने खुद को एससीएम गोट फार्म मालिक बताया
नीम सराय कालोनी निवासी शिवभूषण पांडेय का कहना है कि उन्हें अपने काम के लिए 110 बकरी की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने सर्च इंजन गूगल पर सप्लायर खोजा। कुछ दिन बाद सुनील चावला नामक व्यक्ति ने काल किया और खुद को एससीएम गोट फार्म का मालिक बताया। उसने जीएसटी, आधार, पैन सहित अन्य दस्तावेज भेजकर भरोसा दिलाया। तब ग्रामीण विकास समिति के सदस्य शिवभूषण पांडेय ने विश्वास करके उसके वर्क आर्डर दे दिया।
रुपये मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
इसके बाद ऑनलाइन पौने चार लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया। वायदे के मुताबिक 20 दिन बाद बकरियां मिलनी थी, जो नहीं मिलीं। इस पर शिवभूषण ने काल करके सुनील से पैसा वापस मांगा तो उसने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। सुनियोजित तरीके से की गई ऑनलाइन धोखाधड़ी से परेशान होकर भुक्तभोगी ने थाने पर तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से प्रकरण की जांच की जा रही है।
सिपाही के खाते से उड़ाए 2.40 लाख
दारोगा भर्ती की परीक्षा देकर लौटते समय चतुर्थ वाहिनी पीएसी के सिपाही संजय कुमार का मोबाइल गायब हो गया। इसके बाद किसी ने उनके खाते से आनलाइन दो लाख 40 हजार रुपये उड़ा दिए। इसका पता चलने पर संजय कुमार परेशान हो गया। उसने बैंक से जानकारी ली और फिर धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
