विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोशाला में घायल पड़ी मिलीं कई गाय, प्रयागराज के मंडलायुक्त ने CVO व ADO पंचायत के निलंबन की संस्तुति की

By Gyanendra Singh Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 25 Aug 2026 05:12 PM (GMT+05:30)

प्रयागराज के जसरा स्थित गोशाला में मंडलायुक्त को गंभीर अव्यवस्थाएं और घायल गायें मिलीं, जिसके बाद उन्होंने सीवीओ और एडीओ ...और पढ़ें

प्रयागराज के यमुनापार स्थित जसरा के कांटी गांव के गोशाला में फैला कीचड़। सौ. सूचना विभाग

प्रयागराज के यमुनापार स्थित जसरा के कांटी गांव के गोशाला में फैला कीचड़। सौ. सूचना विभाग

HighLights

  1. आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देशों का अनुपालन नहीं करने पर सीडीओ को कारण बताओ नोटिस

  2. जसरा ब्लाक में बड़ी कांटी के ग्राम विकास अधिकारी निलंबित, व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश

  3. मंडलायुक्त को गोशाला में मिली अव्यवस्था, विद्यालय में बच्चे कम होने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गोशालाओं में गोमाता की हालत भला किसे नहीं पता है। सोमवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम.ने भी देख लिया। जसरा ब्लाक के बड़ी कांटी गोशाला के निरीक्षण में मंडलायुक्त को भारी अव्यवस्था मिली। कई गाय घायल पड़ी थीं। गंदगी ऐसी थी कि बदबू से सांस लेना मुहाल था। गोमाताओं को बैठने की जगह नहीं थी। वे इधर-उधर खड़ी थीं। उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था।

मंडलायुक्त ने की सख्त कार्रवाई 

मंडलायुक्त ने सीवीओ डॉ. शिवचरन यादव, जसरा के एडीओ पंचायत विनोद द्विवेदी के निलंबन की संस्तुति कर रिपोर्ट शासन को भेजवाया। आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देशों का अनुपालन नहीं करने पर सीडीओ हर्षिका सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया। मंडलायुक्त के निर्देश पर डीडीओ जीपी कुशवाहा ने ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र गौड़ को निलंबित कर दिया। सीवीओ, एडीओ पंचायत व पशु चिकित्सक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की।

 

गोशाला में गंभीर अव्यवस्था

मंडलायुक्त को निरीक्षण के दौरान गोशाला में व्यापक स्तर पर गंदगी एवं गंभीर अव्यवस्थाएं मिलीं। जगह-जगह गोबर, सिल्ट एवं कूड़ा पड़ा था। नालियां चोक थीं। बारिश के कारण गीलापन एवं जलभराव की स्थिति थी। गोवंशों के बैठने के स्थान अत्यंत गंदे थे। साफ-सफाई, खाने-पीने, रहने तथा गोवंश के समुचित रखरखाव की व्यवस्था नहीं थी। कई गोवंश खुले में इधर-उधर घूमते और बिना देखभाल के पाए गए। कुछ गोवंश घायल अवस्था में भी मिले लेकिन उनके उपचार एवं देखभाल के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी।

गोशाला कर्मियों को कई माह से नहीं मिला मानदेय 

गोशाला कर्मियों ने बताया कि उन्हें कई माह से मानदेय नहीं मिला। चार माह से भूसे की आपूर्ति नहीं हुई। वर्तमान में लगभग 10 दिन का भूसा है। मंडलायुक्त ने सभी गोवंशों को तत्काल सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को सभी गोशालाओं का सत्यापन एवं स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।

Commissioner interacting with school children in Jasra of Prayagraj

स्कूली बच्चों को हाईवे पार कराने में शिक्षामित्र की ड्यूटी

मंडलायुक्त ने बड़ी कांटी गांव में बड़ी संख्या में बच्चों को एकत्रित देखा। वाहन रोककर बच्चों से जानकारी ली। बताया गया कि प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को राजमार्ग पार करना पड़ता है। पिछले दिनों राजमार्ग पर दो बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने से छोटे बच्चे भयभीत हैं। बड़ी संख्या में बच्चों ने विद्यालय जाना बंद कर दिया। बच्चों की अनुपस्थिति की जानकारी पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीडीओ को प्रधानाध्यापक को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए एक शिक्षामित्र की ड्यूटी लगाने के बीएसए को निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- 'H1 N1' वायरस क्या है? इसके फैलने का प्रयागराज में खतरा, बचाव को SRN अस्पताल में बनाए गए वार्ड और लैब

यह भी पढ़ें- Pappu Yadav के खिलाफ प्रयागराज ACJM कोर्ट में गवाह का बयान दर्ज, सांसद पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप