बैंक हड़ताल: मुख्य गेट पर लटकते रहे ताले, बाहर मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे अधिकारी और कर्मचारी
प्रयागराज में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन के आह्वान पर बैंक अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे, जिससे सभी शाखाएं ...और पढ़ें
HighLights
प्रयागराज में विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर हैं, सभी शाखाएं बंद
ग्रामीण बैंक और जिला सहकारी बैंक के अधिकारी और कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम आफ बैंक्स यूनियन (यूएफबीयू) के आह्वान पर सभी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर हैं। बैंकों में ताले लटकते रहे और बाहर अधिकारियों और कर्मचारियों ने नारेबाजी की।
बैंककर्मियों की क्या हैं मांगें?
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रयागराज अंचल के उप महामंत्री मणींद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग, पीएलआई में विसंगति दूर करने और अन्य शेष मांगों के लिए हड़ताल की गई है। सभी शाखाएं और कार्यालय बंद हैं। ग्रामीण बैंक और जिला सहकारी बैंक के अधिकारी और कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हैं।
केंद्रीय श्रमिक संगठनों का भी समर्थन
युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक मदनजी उपाध्याय व अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि यूनाइटेड फोरम की हड़ताल को केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने भी समर्थन प्रदान कर और अधिक मजबूती दी है। पांच दिवसीय बैंकिंग, पीएलआई में विसंगति दूर करने के अलावा अवशेष मुद्दों जैसे पेंशन अपडेशन, पर्याप्त भर्तियां करने जैसी अन्य मांगें हैं। बैंकिंग कार्य बंद होने से बैंक आने वाले ग्राहकों को परेशानी हुई।
इन बैंकों के लोग हड़ताल में शामिल रहे
हड़ताल में स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, आईडीबीआई बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सेंट्रल बैंक की विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों के सदस्य शामिल हैं। इस दौरान सहायक महामंत्री विवेक महेंद्र, हितेश कुमार, शिवम श्रीवास्तव, शम्भू प्रसाद गर्ग, अजीत मिश्र, सुनील यादव, रीना सिंह, प्रिया त्रिपाठी, शिवाल साहू, मिताली उपाध्याय, अपूर्ण पाण्डेय आदि ने शामिल होकर एकजुटता दिखाई।
