प्रयागराज: संदिग्ध दशा में बैंक मैनेजर की मौत, फूलपुर में होटल के कमरे में मिला शव; क्या उनके साथ महिला थी?
प्रयागराज के फूलपुर स्थित एक होटल में साईं समर्पण बैंक के मैनेजर महेंद्र कुमार भारतीय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ...और पढ़ें

फूलपुर में होटल के कमरे में मृत मिले निजी बैंक के मैनेजर महेंद्र कुमार भारतीय की फाइल फोटो।
HighLights
प्रतापपुर में साईं समर्पण बैंक की शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे
सरायममरेज के लोह गजरी खानपुर डांडी गांव के निवासी थे महेंद्र कुमार भारतीय
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में फूलपुर कोतवाली के भरौटी गांव स्थित सुदीप होटल में मंगलवार सुबह एक निजी बैंक के मैनेजर 40 वर्षीय महेंद्र कुमार भारतीय की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। उनका शव कमरे में मिला। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। मामले में पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। हालांकि महिला को हिरासत में लिए जाने को लेकर पुलिस साफ तौर पर कुछ नहीं बोल रही है।
भरौटी गांव के सुदीप होटल में मिला शव
सरायममरेज थाना क्षेत्र के लोह गजरी खानपुर डांडी निवासी महेंद्र कुमार भारतीय प्रतापपुर स्थित साईं समर्पण बैंक की शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार सुबह फूलपुर पुलिस को सूचना मिली कि भरौटी गांव स्थित सुदीप होटल के कमरे में महेंद्र बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल उन्हें सीएचसी फूलपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्या होटल के कमरे में मौजूद थी महिला?
फोरेंसिक टीम ने होटल में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। सूत्रों के मुताबिक होटल के कमरे में मौजूद एक महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसकी पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। थाना प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। महेंद्र कुमार भारतीय शादीशुदा थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। मौत की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग गमगीन हैं।
