विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज: नवाबगंज के प्राचीन मंदिर में अराजकतत्वों ने की तोड़फोड़, हनुमान प्रतिमा खंडित और शिवलिंग गायब

By Rajendra Yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 07 Sep 2026 08:49 PM (IST)

प्रयागराज के नवाबगंज स्थित कुरेशर गांव के एक प्राचीन मंदिर में अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की, जिसमें हनुमान जी की ...और पढ़ें

नवाबगंज के कुरेशर गांव स्थित प्राचीन मंदिर में खंडित मूर्ति। जागरण

नवाबगंज के कुरेशर गांव स्थित प्राचीन मंदिर में खंडित मूर्ति। जागरण

HighLights

  1. यमुनापार में नवाबगंज के कुरेशर गांव में हुई घटना, अज्ञात पर केस

  2. ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस अधिकारियों ने समझाकर कराया शांत

संसू, नवाबगंज (प्रयागराज)। यमुनापार में नवाबगंज के कुरेशर गांव स्थित प्राचीन मंदिर में रविवार देर रात अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की। मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को बाहर निकालकर खंडित कर दिया गया, जबकि भगवान शंकर का शिवलिंग मंदिर से गायब मिला।

इसकी जानकारी सोमवार सुबह पूजा-अर्चना करने पहुंचे लोगों को हुई तो खलबली मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। मौके पर पहुंची नवाबगंज पुलिस से सभी को समझाकर शांत कराया। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

कुरेशर गांव निवासी पारसनाथ दुबे और ओम प्रकाश दुबे मंदिर की देखरेख करते हैं। 100 वर्ष से अधिक पुरानी हनुमानजी व शंकर भगवान की मंदिर में सोमवार सुबह ओमप्रकाश दुबे पूजा-अर्चना करने पहुंचे। वहां हनुमानजी की प्रतिमा मंदिर के बाहर खंडित पड़ी थी। इसके बाद जब मंदिर के अंदर जाकर देखा गया तो भगवान शंकर का शिवलिंग अपने स्थान से गायब था।

मंदिर परिसर में कथित रूप से मछली भी फेंके जाने की बात ग्रामीणों ने बताई। घटना की सूचना तत्काल डांडी पुलिस चौकी को दी गई। डांडी चौकी इंचार्ज सूर्यप्रकाश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को समझते हुए नवाबगंज इंस्पेक्टर पंकज अवस्थी, एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला मौके पर पहुंचे।

वहीं, मंदिर में तोड़फोड़ और शिवलिंग गायब होने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था। मौके पर पहुंचे भाजपा मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी, सुनील तिवारी रुद्र समेत ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पारस नाथ दुबे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर पंकज अवस्थी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा को इलाहाबाद हाई कोर्ट से झटका, जमानत याचिका खारिज

यह भी पढ़ें- कुएं में धक्का देने वाली दोषी महिला की अपील इलाहाबाद HC ने खारिज की, चार साल की सजा बरकरार रखी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।