विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज नगर निगम की राजस्व निरीक्षक घूस लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार रुपये लेते रंगेहाथ किया ट्रैप

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 29 Sep 2026 06:40 PM (IST)

प्रयागराज नगर निगम की राजस्व निरीक्षक राधा देवी को एंटी करप्शन टीम ने फाफामऊ स्थित कार्यालय से 20 हजार रुपये ...और पढ़ें

एंटी करप्शन टीम ने प्रयागराज नगर निगम की राजस्व निरीक्षक घूस लेते ट्रैप किया।

एंटी करप्शन टीम ने प्रयागराज नगर निगम की राजस्व निरीक्षक घूस लेते ट्रैप किया।

HighLights

  1. फाफामऊ स्थित कार्यालय से राजस्व निरीक्षक राधा देवी को ट्रैप किया गया

  2. एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से नगर निगम के कर्मचारी हतप्रभ रह गए

जागरण संवाददात, प्रयागराज। नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल एक बार फिर खुली है। अब नगर निगम की अराजपत्रित राजस्व निरीक्षक राधा देवी को 20 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार दोपहर फाफामऊ स्थित कार्यालय से राधा देवी को ट्रैप किया। इस कार्रवाई से दूसरे कर्मचारी हतप्रभ रह गए।

मुकदमा दर्ज

राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया है। इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी जल्द की जाएगी। गिरफ्तार राधा देवी, प्रतापगढ़ जिले के पुरेला छितपालगढ़ मानधाता की रहने वाली है। वह गोविंदपुर, शिवकुटी में किराए का मकान लेकर रहती है।

किस लिए 20 हजार की मांगी रिश्वत 

बताया गया है कि फाफामऊ थाना क्षेत्र के गद्दोपुर, शांतिपुरम निवासी शारिक अहमद की अम्मी के नाम से मकान है। आरोप है कि उस मकान का गृहकर बढ़ा था, जिसे संशोधित कराने के एवज में राजस्व निरीक्षक राधा देवी ने 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। तब पीड़ित शारिक ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) कार्यालय में की। गोपनीय जांच में आरोप सही मिले।

फाफामऊ स्थित कार्यालय में दबोचा

मंगलवार दोपहर एंटी करप्शन की 14 सदस्यीय टीम फाफामऊ स्थित नगर निगम के कार्यालय जोन संख्या सात पहुंची और फिर योजना के मुताबिक राधा देवी को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। यह देख दूसरे कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। एंटी करप्शन थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक राधा देवी के खिलाफ फाफामऊ थाने में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।

काई रिश्वत मांगे तो करें शिकायत

अगर कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी/कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज के मोबाइल नंबर-9454402490 या 9454402484 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। प्राप्त शिकायत पर एंटी करप्शन की टीम तत्काल कार्यवाही करेगी।

यह भी पढ़ें- बहू को सास का शस्त्र लाइसेंस ट्रांसफर करने से इनकार पर हस्तक्षेप नहीं, इलाहाबाद HC में पीलीभीत की शिक्षिका की याचिका खारिज

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर ने साइकिल सवार किशोर कुचला, मौत से आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा