विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज एयरपोर्ट से लखनऊ और अयोध्या जैसे शहरों के लिए शुरू होगी हवाई सेवा, शंख एयर भरेगा उड़ान

By Jagran News Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 06 Jan 2026 05:05 PM (IST)

प्रयागराज एयरपोर्ट से नए साल में शंख एयर लखनऊ और अयोध्या जैसे शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू करेगी, जिससे ...और पढ़ें

प्रयागराज एयरपोर्ट से लखनऊ-अयोध्या के लिए शंख एयर की उड़ान सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

प्रयागराज एयरपोर्ट से लखनऊ-अयोध्या के लिए शंख एयर की उड़ान सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। 

HighLights

  1. संगम नगरी से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को नये वर्ष में मिलेगी राहत

  2. जनवरी के पहले पखवाड़े में कंपनी प्रारंभिक परिचालन शुरू कर सकती है

  3. लखनऊ और अयोध्या से प्रयागराज की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

जागरण संवददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के विमान यात्रियों के लिए नए साल में एक बड़ी और राहत भरी खबर है। प्रयागराज एयरपोर्ट से जल्द ही नई विमानन कंपनी 'शंख एयर' अपनी सेवाओं की शुरुआत करेगी। लंबे समय से बंद पड़ी अंतरराज्यीय उड़ानों के बाद, अब शंख एयर के आने से प्रयागराज की हवाई कनेक्टिविटी को नए पंख लगने की उम्मीद है।

ग्रीष्मकालीन शेड्यूल में शामिल होगी समय सारिणी

नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) आगामी ग्रीष्मकालीन शेड्यूल (मार्च) में शंख एयर की उड़ानों को अधिकृत समय सारिणी में शामिल करेगा। यह विमान सप्ताह में छह दिन या पूरे सप्ताह अपनी सेवाएं दे सकता है। खास बात यह है कि शंख एयर के परिचालन के लिए एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में सहमति बन चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि जनवरी के पहले पखवाड़े में ही कंपनी अपना प्रारंभिक परिचालन शुरू कर देगी, जिसे मार्च से नियमित कर दिया जाएगा।

प्रयागराज से प्रदेश में किसी शहर को सीधी उड़ान नहीं 

वर्तमान में प्रयागराज से उत्तर प्रदेश के भीतर किसी भी शहर के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं है। पूर्व में लखनऊ और गोरखपुर के लिए संचालित इंडिगो की उड़ानें बंद होने से यात्रियों को काफी असुविधा हो रही थी। शंख एयर इस कमी को पूरा करने की तैयारी में है। पहले चरण में प्रयागराज को अयोध्या और लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण शहरों से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है।

15 प्रमुख शहरों के लिए थी हवाई सेवा 

एक समय था जब प्रयागराज 15 प्रमुख शहरों से हवाई मार्ग द्वारा सीधे जुड़ा हुआ था, लेकिन तकनीकी और व्यावसायिक कारणों से यह संख्या घटकर मात्र छह-सात रह गई है। फिलहाल यहां से केवल दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, हैदराबाद और बिलासपुर के लिए ही उड़ानें उपलब्ध हैं। ऐसे में शंख एयर का आगमन सिमटती हवाई सेवाओं के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।

शंख एयर को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू 

एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्य चंद्रशेखर ओझा ने इसे सुखद पहल बताते हुए कहा कि इससे न केवल उड़ानों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को नए गंतव्य भी मिलेंगे। एयरपोर्ट निदेशक राजेश चावला ने पुष्टि की है कि शंख एयर को प्रयागराज से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सलाहकार समिति को इसकी विस्तृत जानकारी दे दी गई है। शंख एयर की इस नई सेवा से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि कुंभ नगरी की कनेक्टिविटी देश और प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ और अधिक सुदृढ़ होगी।

यह भी पढ़ें- UP Board Exam 2026 : बोर्ड परीक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान को हेल्पलाइन नंबर जारी, नोट कर लें दूरभाष नंबर व ई-मेल आइडी

यह भी पढ़ें- UP Board Practical Exam 2026 : सीसीटीवी की निगरानी में होगी इंटर प्रायोगिक परीक्षा, सबसे अधिक विद्यार्थी Chemistry में