विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज एयरपोर्ट के रनवे का होगा विस्तार, उतर सकेंगे बोइंग-777 और Airbus A-350 जैसे बड़े विमान

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:56 AM (IST)

प्रयागराज सिविल एयरपोर्ट के रनवे का 600 मीटर विस्तार किया जा रहा है, जिससे इसकी कुल लंबाई 3300 मीटर हो जाएगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. प्रयागराज एयरपोर्ट रनवे का 600 मीटर अतिरिक्त विस्तार।

  2. कुल लंबाई 3300 मीटर, भारी विमानों के लिए अनुकूल।

  3. 2031 कुंभ मेले हेतु बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बमरौली स्थित प्रयागराज सिविल सिविल एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के भारी विमानों के अनुकूल बनाने की कवायद तेज हो गई है। भारतीय वायुसेना ने एयरपोर्ट के मौजूदा 2700 मीटर लंबे रनवे में 600 मीटर का अतिरिक्त विस्तार का कार्य शुरू किया है।

इस परियोजना के पूरा होते ही रनवे की कुल लंबाई बढ़कर 3300 मीटर हो जाएगी। इससे यहां एयरबस ए-320 और बोइंग-737 जैसे सामान्य विमानों के अलावा बोइंग-777, बोइंग-787, ड्रीमलाइनर तथा एयरबस ए-350 जैसे भारी (वाइड-बॉडी) यात्री विमान भी सुगमता से उतर सकेंगे।

तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, रनवे की अतिरिक्त लंबाई से विमानों के टेक-आफ के दौरान 'थ्रस्ट' और 'पेलोड क्षमता' पर सकारात्मक असर पड़ता है। जब तापमान अधिक होता है या हवा का दबाव कम रहता है, तब भारी ईंधन व अधिकतम यात्रियों के साथ उड़ान भरने के लिए विमानों को लंबी हवाई पट्टी की आवश्यकता होती है।

2031 के कुंभ को देखते हुए की जा रही तैयारी

यह विस्तार पायलटों को न केवल सुरक्षित 'स्टॉपिंग डिस्टेंस' (ब्रेकिंग जोन) देगा, बल्कि लैंडिंग के बाद रनवे से तुरंत टैक्सी-वे पर मुड़ने (रैपिड-एग्जिट टर्निंग) में भी मदद करेगा। इससे रनवे आक्यूपेंसी टाइम कम होगा और एक साथ कई उड़ानों का प्रबंधन आसान हो जाएगा।

एयरपोर्ट निदेशक गणेश यादव के अनुसार, वर्ष 2025 के महाकुंभ में हवाई सेवाओं की मांग रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज की गई थी। अब वर्ष 2031 के कुंभ को देखते हुए यह बुनियादी ढांचा गेमचेंजर साबित होगा।

रनवे की लंबाई बढ़ने से देश-विदेश के प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी बढ़ेगी, उड़ानों में भीड़ के समय लगने वाला अंतराल घटेगा और आपातकालीन लैंडिंग के समय भारी सैन्य अथवा असैन्य मालवाहक विमान भी सुरक्षित उतर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बनेगा भव्य वॉटर पार्क और फन सिटी, मिलेगा भरपूर मनोरंजन व लजीज व्यंजनों का स्वाद; तैराकी भी कर सकेंगे