प्रयागराज में दीवाली के बाद जहरीली बनी हवा, AQI 717 पर, आज सुबह 10 बजे घटकर 300 से नीचे पहुंचा तो मिली कुछ राहत
प्रयागराज में दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 717 तक पहुंच गया, जिससे हवा जहरीली हो गई। हालांकि, अगले ...और पढ़ें

प्रयागराज में दीवाली के बाद AQI 717 तक पहुंच गया था, हालांकि आज सुबह 200 तक उतरा।
HighLights
दिवाली के अगले दिन भी रातभर जहरीली बनी रही संगम नगरी शहर की हवा
मंगलवार सुबह धूप निकली तो 200 के आसपास पहुंचा वायु गुणवत्ता सूचकांक
14 नवंबर से अधिकतम-न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट के आसार, बढ़ेगी ठंड
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। हवा में प्रदूषण का स्तर कुछ घंटों के लिए ही सही एक बार फिर चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया। सोमवार 9 नवंबर की रात नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 717 तक दर्ज किया गया। रातभर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रही और एक्यूआइ 600 से 700 के बीच बना रहा।
शहर की वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ी
हालांकि 10 नवंबर की सुबह होते-होते प्रदूषण के स्तर में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। धूप निकलने के साथ ही एक्यूआई घटकर 300 से नीचे आ गया और दोपहर बाद यह 200 के आसपास पहुंच गया। रात और सुबह के प्रदूषण स्तर में आए इस बड़े अंतर ने एक बार फिर शहर की वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
वातावरण में प्रदूषक कण काफी बढ़ने से बढ़ा एक्यूआई
9 नवंबर की रात एक्यूआई का 717 तक पहुंचना इस बात का संकेत है कि वातावरण में प्रदूषक कणों की मात्रा काफी अधिक थी। खासकर रात के समय हवा की गति कम होने और वातावरण में स्थिरता रहने से धुआं और धूल के कण लंबे समय तक जमीन के आसपास जमा रहे। हालांकि यह दीर्घकालिक नहीं बल्कि परिस्थितिजन्य प्रदूषण था।
धूप खिलने के बाद 200 के आसपास पहुंचा एक्यूआई
सुबह होने के बाद मौसम की परिस्थितियों में बदलाव आया। वातावरण में हलचल बढ़ने और धूप निकलने के साथ प्रदूषक कणों का प्रभाव कम हुआ। इसके चलते एक्यूआई में भी तेजी से गिरावट दर्ज की गई। रात में 700 के पार पहुंचा सूचकांक सुबह 300 से नीचे आ गया और धूप खिलने के बाद 200 के आसपास पहुंच गया। प्रदूषण के स्तर में आई इस गिरावट से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन हवा की गुणवत्ता पूरी तरह संतोषजनक स्थिति में नहीं पहुंची।
सुबह-रात के समय प्रदूषण का स्तर अधिक क्यों रहता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, वायु प्रदूषण का स्तर केवल पटाखों के धुएं पर निर्भर नहीं करता। वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, सड़कों की धूल और औद्योगिक गतिविधियां भी इसमें योगदान करती हैं। ठंड बढ़ने के साथ वातावरण में तापमान संबंधी उलटाव (तापमान प्रतिलोमन) की स्थिति बनने पर प्रदूषक कण जमीन के नजदीक फंस सकते हैं। ऐसे में रात और सुबह के समय प्रदूषण का स्तर अधिक रहने की आशंका होती है।
तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड
मौसम के मोर्चे पर भी आने वाले दिनों में बदलाव के संकेत हैं। 14 नवंबर से प्रयागराज में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। इसका असर दिन और रात दोनों के मौसम पर दिखाई देगा। दिन में धूप रहने के बावजूद ठंड का अहसास बढ़ सकता है, जबकि रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।