विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में जहरीली हुई सुबह की हवा, AQI पहुंचा 240; प्रदूषण से बढ़ा सांस व दमा के मरीजों का स्वास्थ्य संकट

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 24 Oct 2026 07:05 AM (IST)

प्रयागराज में सुबह की हवा जहरीली हो गई है, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 240 तक पहुंच गया, जिससे स्वास्थ्य संबंधी ...और पढ़ें

प्रयागराज में तापमान में गिरावट और सुबह की धुंध से प्रदूषण बढ़ गया है।

प्रयागराज में तापमान में गिरावट और सुबह की धुंध से प्रदूषण बढ़ गया है।

HighLights

  1. पीएम-2.5 और पीएम-10 की मात्रा में भी उछाल

  2. शहर के छोटा बघाड़ा इलाके में स्थिति सबसे खराब

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मौसम में बदलाव के साथ संगम नगरी की हवा की सेहत भी बिगड़ने लगी है। सुबह की ठंड, हल्की धुंध और हवा में प्रदूषक कणों के बढ़ते स्तर ने लोगों की सांसों पर संकट बढ़ा दिया है। शुक्रवार की भोर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 240 तक पहुंच गया।

प्रदूषण का स्तर स्वास्थ्य के लिए चिंताजनक 

हालांकि दिन चढ़ने के साथ प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार हुआ और सुबह 11 बजे यह घटकर करीब 190 रह गया। इसके बावजूद हवा की गुणवत्ता खराब बनी रही और प्रदूषण का स्तर स्वास्थ्य के लिए चिंता पैदा करने वाला रहा।

प्रदूषक कणों की मात्रा कल की अपेक्षा दोगुनी हुई 

हवा में प्रदूषण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीएम 2.5 की मात्रा 107 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम-10 का स्तर 189 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इन प्रदूषक कणों की मात्रा गुरुवार की तुलना में करीब दोगुनी हो गई।

सांस के मरीजों को परेशानी 

हवा में मौजूद बेहद महीन कण सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। इससे खासकर बच्चों, बुजुर्गों, दमा के मरीजों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

किस इलाके में कितना AQI?

शहर के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। उपलब्ध क्षेत्रवार आंकड़ों में छोटा बघाड़ा का एक्यूआइ 213 से 287 के बीच दर्ज किया गया, जो कुछ समय पर गंभीर श्रेणी तक पहुंचने का संकेत देता है। वहीं, धूमनगंज में एक्यूआइ 154 से 181, झूंसी में 156 से 171 और तेलियरगंज में 154 से 172 के बीच रहा। यानी शहर के कई हिस्सों में हवा सांस लेने के लिहाज से अच्छी नहीं रही।

आज का तापमान कितना?

शुक्रवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सुबह के समय अधिक नमी और हल्की धुंध के साथ प्रदूषक कणों का हवा में जमा रहना प्रदूषण बढ़ने की एक वजह हो सकती है।

29 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना 

मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 29 अक्टूबर को आंशिक बादलों के साथ कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें- सूबेदारगंज स्टेशन पर बनेंगे दो नए प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज का भी होगा निर्माण; यात्रियों को होगी सुविधा

यह भी पढ़ें- कार और बाइक वाले भी ले रहे गरीबों का राशन, प्रयागराज में सवा लाख राशन कार्ड निरस्त होंगे