प्रयागराज की सात फोरलेन सड़कें 80 करोड़ रुपये से चकाचक होंगी, फर्राटे भर सकेंगे वाहन सवार
प्रयागराज में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत सात प्रमुख फोरलेन सड़कों का 80 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ...और पढ़ें

सीएम ग्रिड से प्रयागराज की फोरलेन सड़कों को नगर निगम संवारेगा।
HighLights
फाफामऊ, झूंसी और नैनी की दो-दो सड़कें व पुराने शहर का एक मार्ग होगा विकसित
सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम सड़कों का करेगा कायाकल्प, आवागम सुगम होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर की बदहाल और प्रमुख फोरलेन सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम की ओर से मुख्यमंत्री (सीएम) ग्रिड योजना के तहत सात सड़कों के कायाकल्प की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी गई है।
यातायात व नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी
इन सभी सड़कों के विकास पर 80 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। योजना में सड़क को मजबूती प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही यातायात और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। इससे इन सड़कों पर वाहन सवार फर्राटे भर सकेंगे।
सड़कें जल्दी खराब नहीं होंगी
सीएम ग्रिड योजना के तहत फाफामऊ, झूंसी और नैनी क्षेत्र की दो-दो प्रमुख सड़कों का चयन किया गया है। इसके अलावा पुराने शहर की एक सड़क को भी योजना में शामिल किया गया है। इन मार्गों का व्यवस्थित तरीके से विकास कराया जाएगा, ताकि आवागमन सुगम होने के साथ सड़कें लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनी रहें।
जल निकासी, डिवाइडर व फुटपाथ की भी व्यवस्था
नगर निगम की ओर से सभी सात सड़कों की जरूरत और प्रस्तावित कार्यों का आकलन कर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें सड़क निर्माण के साथ जल निकासी, फुटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट समेत यातायात को व्यवस्थित करने से जुड़े कार्यों को शामिल किए जाने की योजना है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
शासन से स्वीकृति के बाद टेंडर निकलेगा
नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के तहत सात सड़कों की कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
