विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तंगहाली में अपनों का उपचार नहीं पड़ेगा भारी, PRD जवान कैशलेस उपचार संग मानदेय बढ़ने की घोषणा से उत्साहित

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 20 Sep 2026 01:39 PM (IST)

प्रयागराज के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को अब 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मिलेगा और उनके ...और पढ़ें

सरकार ने पीआरडी जवानों को खुशखबरी दी है।

सरकार ने पीआरडी जवानों को खुशखबरी दी है।

HighLights

  1. प्रयागराज जिले के 500 प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों में खुशी की लहर

  2. पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार और मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा हुई है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मानदेय तो कम था ही, दिक्कत तब और बढ़ जाती थी जब घर में कोई बीमार हो जाए। तंगहाली में उपचार करा पाना भारी पड़ता है। कैशलेस उपचार की सुविधा मिलने से एक बड़ा बोझ हल्का हो जाएगा। कम से कम अपनी या अपनों की बीमारी में इलाज की चिंता नहीं रहेगी। यह कहना है विकास भवन में तैनात प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान मिथिलेश कुमार का।

500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिलता था मानदेय

पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार और मानदेय में 100 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा से अकेले बहरिया निवासी मिथिलेश कुमार ही नहीं, बल्कि अन्य पीआरडी जवानों के चेहरे पर भी चमक आ गई है। युवा कल्याण विभाग में इस वक्त करीब 500 पीआरडी जवान तैनात हैं। इनकी अलग-अलग विभागों व संस्थानों में तैनाती है। अभी तक इन्हें 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय मिलता था। मानदेय की इस छोटी सी पूंजी से घर गृहस्थी की गाड़ी चलाने में काफी दिक्कतें आ रहीं थीं। आने वाले दिनों में इन्हें 30 दिन की ड्यूटी पर तीन हजार रुपये अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। युवा कल्याण विभाग के मुख्यालय से सभी पीआरडी जवानों के डाटा का मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं।

 पीआरडी जवानों ने जताई खुशी

पीआरडी जवानों के लिए पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार और मानदेय बढ़ाने का सरकार का प्रयास सराहनीय है। इससे काफी मुश्किलें दूर हो जाएंगी।
- लवलेश कुमार, पीआरडी जवान, वरना, फूलपुर

कई जवान ऐसे हैं, जो बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। गरीबी में उपचार कराना इनके परिजनों के लिए भारी पड़ रहा है। ऐसे पीआरडी जवानों को कैशलेस उपचार की सुविधा बड़ी राहत देगी।
- विनोद कुमार, पीआरडी जवान, पैगंबरपुर, बहरिया

कैशलेस उपचार के लिए पीआरडी जवानों का पोर्टल पर सत्यापन हो रहा है। शासन से आदेश और बजट जारी होने के बाद बढ़ा हुआ मानदेय भी पीआरडी जवानों को मिलने लगेगा।
- गुलशन शर्मा, जिला युवा कल्याण अधिकारी

यह भी पढ़ें- UP Board: ऑनलाइन उपस्थिति सुधारने वाले स्कूलों को फायदा, बोर्ड परीक्षा केंद्र बनने का मजबूत होगा दावा

यह भी पढ़ें- UP PSC ने ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता में महत्वपूर्ण बदलाव किया, फार्मेसी संग ये डिग्री मान्य होगी