प्रयागराज में 50 गांवों को शीघ्र मिलेंगे सचिव, ग्रामीणों की दूर होंगी मुश्किलें; समस्याओं का जल्द होगा निस्तारण
प्रयागराज के 50 गांवों को जल्द नए ग्राम पंचायत सचिव मिलेंगे, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों की ...और पढ़ें

लखनऊ रवाना होने के पहले प्रयागराज विकास भवन के बाहर डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी के साथ खड़े नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारी।
HighLights
पंचायती राज विभाग के नवनियुक्त 1375 में 13 ग्राम पंचायत अधिकारी जिले को मिलेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 सितंबर को लखनऊ में नियुक्ति पत्र देंगे, प्रयागराज से रवाना
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जिले की 50 ग्राम पंचायतों को जल्द अपना ग्राम पंचायत सचिव मिल जाएगा। इससे गांवों में विकास के कार्यों को रफ्तार मिलेगी। वहीं आमजन की समस्याओं के निस्तारण में आ रही दिक्कतों को भी दूर किया जा सकेगा।
पंचायती राज विभाग ने प्रदेश में 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों की नई नियुक्ति की है। इन्हें कल सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र देंगे। 1375 में 60 ग्राम पंचायत सचिव प्रयागराज के रहने वाले हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद रविवार को यह सभी एक बस से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इनमें से 13 ग्राम पंचायत अधिकारी प्रयागराज को भी मिलेंगे।
अभी तक जिले में 407 ग्राम पंचायत सचिवों की तैनाती हैं। इनमें ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ ही ग्राम विकास अधिकारी भी शामिल हैं। जिले की 1540 ग्राम पंचायतों को 417 क्लस्टर में बांटा गया है। एक क्लस्टर में एक सचिव की तैनाती होती है।
सचिवों की कमी के कारण 10 क्लस्टर रिक्त है। दूसरे क्लस्टर के सचिवों को इनका अतिरिक्त चार्ज देकर काम चलाया जा रहा है।इस तरह से एक-एक सचिव को सात से आठ गांवों का काम देखना पड़ता है। इन 10 क्लस्टरों में करीब 50 गांव हैं। डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने बताया कि नए सचिवों की तैनाती होने से गांवों के विकास में सहूलियत होगी।
