फाफामऊ-रायबरेली रूट: 1600 करोड़ की परियोजना से 200 KM बनेगी दूसरी रेल लाइन, आउटर पर नहीं रुकेंगी ट्रेनें
फाफामऊ-रायबरेली रेलखंड पर दूसरी लाइन बिछाने का काम शुरू है, जिसमें अर्थ फीलिंग और स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण शामिल है। ...और पढ़ें

फाफामऊ-रायबरेली दूसरी रेल लाइन परियोजना: 1600 करोड़ से 200 किमी ट्रैक बिछेगा, ट्रेनों को रफ्तार मिलेगी ।
HighLights
फाफामऊ-रायबरेली रूट की दूसरी रेल लाइन पर अर्थ फीलिंग कार्य शुरू, स्टेशन बिल्डिंग भी बन रही
कुंडा में नई स्टेशन बिल्डिंग का हो रहा निर्माण, बनेगा नया प्लेटफार्म, सभी स्टेशनों पर होगा बदलाव
प्रयागराज से लखनऊ और रायबरेली की ओर दैनिक रेल यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज से लखनऊ और रायबरेली की ओर दैनिक रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। फाफामऊ से रायबरेली रेलखंड पर दूसरी लाइन बिछाने की दिशा में जमीनी काम तेज हो गया है। सर्वे पूरा होने के बाद अब ट्रैक के लिए अर्थ फीलिंग (मिट्टी भराई) और स्टेशन बिल्डिंग निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। कुंडा हरनामगंज स्टेशन पर नई बिल्डिंग का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे आने वाले समय में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने के साथ समय की भी बचत होगी।
इस रूट पर क्या-क्या कार्य होंगे?
फाफामऊ से रायबरेली रूट पर कुंडा समेत अन्य स्टेशनों पर नई स्टेशन बिल्डिंग इस तरह डिजाइन की जा रही है कि दूसरी रेल लाइन उसमें समाहित होकर सीधे प्लेटफार्म का रूप ले सके। दूसरा ट्रैक बिछाने के लिए पुराने स्टेशन भवन को तोड़ा जाएगा। निर्माण कार्य में गति लाने के लिए तीन-तीन स्टेशनों के अंतराल में चरणबद्ध तरीके से नई पटरियां बिछाई जाएंगी। साथ ही कुंडा क्षेत्र में पड़ने वाले तीन प्रमुख रेलवे फाटकों पर जल्द ही ओवरब्रिज निर्माण का काम भी शुरू होगा, जिससे सड़क यातायात भी सुगम होगा।
ट्रैक और विद्युतीकरण व स्टेशनों का कायाकल्प होगा
लगभग 200 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक तैयार होना है। ट्रैक और विद्युतीकरण के साथ स्टेशनों का कायाकल्प इसका हिस्सा हेै। परियोजना के तहत प्रयागराज में फाफामऊ, बहमलपुर, कोरसंड और रंगपुरा गांव से कुल 10,225 वर्गमीटर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
वर्तमान में सिंगल लाइन होने के कारण एक ट्रेन को पास कराने के लिए दूसरी ट्रेन को आउटर या छोटे स्टेशनों पर घंटों खड़ा रखना पड़ता है।
अयोध्या और वाराणसी रूट की ट्रेनों की गति बढ़ेगी
दूसरी लाइन चालू होने के बाद प्रयागराज जंक्शन और फाफामऊ के बीच गाड़ियों का आउटर पर बेवजह रुकना बंद होगा। अयोध्या और वाराणसी रूट की ट्रेनों की गति बढ़ेगी और यात्रा समय घटेगा। लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि रूटीन लाभ के साथ भविष्य में होने वाले कुंभ, महाकुंभ आदि में इस रूट के दोहरीकरण से नियमित ट्रेनों के साथ मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी बिना रुकावट हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।