प्रयागराज में घर बनवाना होगा सस्ता, PDA कम करेगा बेटरमेंट चार्ज; किसलिए लिया जाता है यह शुल्क?
प्रयागराज विकास प्राधिकरण घर बनवाने वालों को राहत देने के लिए बेटरमेंट चार्ज कम करने की तैयारी में है। इससे ...और पढ़ें

शहर में घर बनवाने वालों को प्रयागराज विकास प्राधिकरण बेटरमेंट चार्ज कम करके बड़ी राहत देगा।
HighLights
सिविल लाइंस, चौक,अल्लापुर,सलोरी, तेलियरगंज समेत कई इलाकों में घटेगा बेटरमेंट शुल्क
पीडीए बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा, अनुमति मिलने पर लागू हो जाएगा
अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों और सुविधाओं के आधार पर बेटरमेंट चार्ज निर्धारित होता है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में मकान बनवाने की तैयारी कर रहे लोगों को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) बड़ी राहत देने की तैयारी में है। प्राधिकरण की ओर से बेटरमेंट चार्ज कम करने की योजना बनाई जा रही है। इस शुल्क में कमी होने से भवन निर्माण कराने वाले लोगों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
पीडीए सचिव की बैठक में हो चुकी है चर्चा
इस संबंध में पीडीए के सचिव विनीत कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हो चुकी है। इस बैठक में बेटरमेंट चार्ज को कम करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। आने वाले दिनों में इस प्रस्ताव को पीडीए बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा अनुमित मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
क्या है बेटरमेंट चार्ज?
पीडीए की ओर से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों और सुविधाओं के आधार पर बेटरमेंट चार्ज निर्धारित किया जाता है। वर्तमान में कई इलाकों में यह शुल्क अधिक होने के कारण भवन निर्माण कराने वालों को अतिरिक्त धनराशि खर्च करनी पड़ती है। अब प्राधिकरण इस शुल्क की समीक्षा कर इसे तर्कसंगत बनाने की तैयारी कर रहा है।
इन इलाकों में कम हो सकता है बेटरमेंट चार्ज
प्रस्ताव के तहत सिविल लाइंस, चौक, तेलियरगंज, झलवा, कालिंदीपुरम, दारागंज, सलोरी समेत शहर के अन्य क्षेत्रों में बेटरमेंट चार्ज कम किया जा सकता है। बैठक में अलग-अलग क्षेत्रों की स्थिति, वर्तमान दर और शुल्क में संभावित कमी को लेकर अधिकारियों ने मंथन किया। हालांकि नई दरों को अंतिम रूप देने से पहले संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।
...तो आधा हो जाएगा यह शुल्क
पीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 100 वर्ग मीटर में मकान बनाने के लिए दौरान लगभग 3500 रुपये बेटरमेंट चार्ज लगता है, रेट संशोधित होने के बाद 1300 से 1500 रुपये ही बेटरमेंट चार्ज लगेगा। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज का कहना है कि शहर के लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बेटरमेंट चार्ज कम करने की कवायद की जा रही है।
किन सुविधाओं के लिए लिया जाता है बेटरमेंट चार्ज?
बेहतर सड़क, सफाई, सीवर, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए प्राधिकरणों की ओर से बेटरमेंट चार्ज लिया जाता है। वर्तमान सर्किल रेट से 10 प्रतिशत बेटरमेंट चार्ज लिया जा रहा है। सर्किल रेट 2016 के आधार पर वर्तमान में लिया जाता है बेटरमेंट चार्ज।
