Prayagraj : गंगापार में 100 हेक्टेयर में PDA बसाएगा नई टाउनशिप, बिजली-पानी व सड़क की सुविधा मिलेगी
प्रयागराज विकास प्राधिकरण गंगापार के मलाका क्षेत्र में 100 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर नई टाउनशिप विकसित करेगा। यह टाउनशिप गंगा एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे के निकट होगी।

प्रयागराज के गंगापार में पीडीए टाउनशिप बनाएगा, इसके लिए सोरांव के 15 गांवों के काश्तकारों से संपर्क में है।
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे के निकट टाउनशिप बसेगी
मलाका-शिवगढ़ के बीच पीडीए ने शुरू की जमीन की तलाश
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के बढ़ते दायरे और आवासीय जरूरतों को देखते हुए प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने गंगापार के मलाका क्षेत्र में नई टाउनशिप विकसित करने की कवायद शुरू कर दी है। मलाक हरहर और शिवगढ़ के बीच 100 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में प्रस्तावित इस टाउनशिप के लिए पीडीए ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
खास बात यह है कि प्रस्तावित टाउनशिप गंगा एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर विकसित करने की योजना है। इससे भविष्य में यहां आवासीय के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
पीडीए की टीम मलाका और शिवगढ़ के बीच उपयुक्त जमीन चिह्नित करने के लिए सर्वे जल्द करेगी। इसके लिए सोरांव तहसील में 15 से अधिक गांवों के काश्तकारों से संपर्क किया है। जमीन की उपलब्धता, क्षेत्रफल और अन्य जरूरी मानकों का सर्वे पूरा होने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्राधिकरण का उद्देश्य ऐसी जमीन का चयन करना है, जहां भविष्य की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से टाउनशिप विकसित की जा सके। पीडीए की ओर से प्रस्तावित टाउनशिप में सिर्फ आवासीय क्षेत्र विकसित करने की योजना नहीं है, बल्कि इसे सुनियोजित तरीके से बसाने पर जोर रहेगा।
योजना में चौड़ी सड़कें, जल निकासी, पेयजल, बिजली आपूर्ति और हरित क्षेत्र जैसी मूलभूत सुविधाओं को शामिल किया जाएगा। जरूरत के अनुसार अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए भी स्थान सुरक्षित रखा जाएगा। मुख्यमंत्री विस्तारीकरण योजना के तहत इस टाउनशिप को विकसित करने की कवायद की जा रही है।
एयरो सिटी के विकसित होने के उपरांत ही इस टाउनशिप को विकसित किया जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे के नजदीक होने के कारण इस क्षेत्र में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे टाउनशिप के आसपास आने वाले समय में बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य गतिविधियों के विकसित होने की संभावना भी रहेगी।
पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने बताया कि मलाका और शिवगढ़ के आसपास नई टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। 100 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में टाउनशिप विकसित करने का प्रयास है। एयरो सिटी के भूमि पूजन के बाद गंगापार में इस टाउनशिप को विकसित करने की प्रक्रिया में आएगी।
