राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा तिथि घोषित, UP के 509 केंद्रों पर 1.74 लाख छात्र-छात्राएं होंगे शामिल
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 1 नवंबर को यूपी के 509 केंद्रों पर होगी, जिसमें 1.74 लाख छात्र ...और पढ़ें

राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा एक नवंबर को होगी।
HighLights
परीक्षा एक नवंबर को होगी, आर्थिक कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए योजना
सफल विद्यार्थियों को 9 से 12 तक की पढ़ाई को हर माह 1000 रुपये मिलेंगे
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए होने वाली 'राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा एक नवंबर को होने जा रही है। यह परीक्षा प्रदेश के सभी जिलों में बनाए गए 509 केंद्रों पर होगी। इसमें 1,74,662 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से प्रवेशपत्र जारी कर दिया है। अभ्यर्थी वेबसाइट http://entdata.co.in से अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को नौंवी से 12 तक की पढ़ाई के लिए हर महीने 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि परीक्षा संबंधी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए अपने जिले से बाहर नहीं जाना होगा। उनके नजदीकी विद्यालय में केंद्र बनाया गया है।
इस छात्रवृत्ति के लिए प्रदेश में सर्वाधिक 20 परीक्षा केंद्र कौशांबी में बनाए गए हैं। वहां सबसे अधिक 6,959 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इसके बाद प्रयागराज दूसरे पायदान पर है। यहां 19 केंद्रों पर 6,483 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र के साथ अपने आनलाइन आवेदन में अंकित फोटोयुक्त पहचानपत्र की मूल प्रति लाना आवश्यक है।
इस परीक्षा में उत्तर प्रदेश के लिए 15,143 सीटों का कोटा निर्धारित है। परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम 72 अंक प्राप्त करना आवश्यक है, हालांकि, छात्रवृत्ति का वितरण जिलेवार निर्धारित कोटे के अनुसार मेरिट के आधार पर होगा।
यह भी पढ़ें- UP के बेसिक स्कूलों के शिक्षकों की पदोन्नति पर संकट, वरिष्ठता सूची जारी होने में विलंब पर उठ रहे सवाल
यह भी पढ़ें- रेलवे समेत कई केंद्रीय कार्यक्षेत्रों में संविदा कर्मियों की बढ़ा पारिश्रमिक, चालू माह से ही बढ़ा वेतन व एरियर मिलेगा
