नई दिल्ली-पटना आरक्षित वंदे भारत स्पेशल प्रयागराज होकर चलेगी, 20 कोच की ट्रेन से त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत
रेलवे ने त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया ...और पढ़ें

आरक्षित वंदे भारत स्पेशल नई दिल्ली से पटना तक प्रयागराज होकर चलेगी।
HighLights
रेलवे का भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला
मुंबई, पुणे और आनंद विहार के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से राहत दिलाने के लिए रेल प्रशासन ने नई दिल्ली और पटना के बीच आरक्षित वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है। अत्याधुनिक 20 कोच के रेक से संचालित होने वाली गाड़ी संख्या 02436/02435 नई दिल्ली–पटना–नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल का संचालन दोनों दिशाओं से एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा।
प्रयागराज जंक्शन दोपहर 3:45 बजे पहुंचेगी
यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित रहेगी। गाड़ी संख्या 02436 नई दिल्ली–पटना वंदे भारत स्पेशल छह नवंबर को नई दिल्ली से सुबह 08:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन (दोपहर 3:45 बजे), पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए उसी रात 21:30 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी में दोपहर 1:35 बजे पहुंचेगी प्रयागराज
वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 02435 पटना–नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल सात नवंबर 2026 को पटना से सुबह आठ बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन आरा, बक्सर, पं.दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन (दोपहर 1:35 बजे), कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ के रास्ते रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
सूबेदारगंज स्टेशन पर परखी गई सुरक्षा
सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर विशेष सुरक्षा जांच व जागरूकता अभियान चलाया गया। उप निरीक्षक राहत सिंह यादव व सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में टीम ने संगम एक्सप्रेस (14163 अप) सहित प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय और पार्सल कार्यालय की सघन जांच की। जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। अभियान के दौरान यात्रियों को जहरखुरानी से सतर्क रहने और अनजान व्यक्तियों से खानपान की चीजें न लेने की हिदायत दी गई। साथ ही, ट्रेनों में पटाखे, पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ न ले जाने की सख्त अपील की गई।
मुंबई, पुणे और दिल्ली के लिए चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने मुंबई, पुणे और दिल्ली के लिए तीन विशेष ट्रेनों के संचालन की समय सारिणी जारी की है। गाड़ी संख्या 05599 रक्सौल-सीएसएमटी (मुंबई) एकतरफा स्पेशल छह नवंबर को शाम 4:55 बजे चलकर बरौनी, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर होते हुए मुंबई पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 05299 बरौनी-पुणे एकतरफा स्पेशल छह नवंबर को रात 9:35 बजे रवाना होकर डीडीयू, प्रयागराज छिवकी और भुसावल के रास्ते पुणे जाएगी।
खुर्दा रोड-आनंद विहार पूजा स्पेशल चलेगी
इसके अलावा, गाड़ी संख्या 08407/08408 खुर्दा रोड-आनंद विहार टर्मिनस-खुर्दा रोड पूजा स्पेशल का एक-एक फेरा चलेगा। यह ट्रेन सात नवंबर को खुर्दा रोड से और 9 नवंबर को आनंद विहार से सूबेदारगंज व डीडीयू होकर संचालित होगी।
शकूरबस्ती-सूबेदारगंज चलेगी अनारक्षित विशेष ट्रेन
रेलवे ने शकूरबस्ती और सूबेदारगंज के बीच 15 कोच वाली अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (04420/04419) चलाने का फैसला किया है। शकूरबस्ती से छह और सात नवंबर को शाम 6:30 बजे चलकर दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा और कानपुर सेंट्रल होते हुए अगली सुबह 9:30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04419 सूबेदारगंज से सात और आठ नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर इन्हीं स्टेशनों से गुजरते हुए देर रात 02:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इसके दो-दो फेरे लगेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।