'मम्मी-पापा सॉरी...', असफल समझ NEET छात्रा ने की आत्महत्या, मौत के बाद आया काउंसलिंग में नाम
नीट की छात्रा ने दो बार काउंसलिंग में नाम न आने पर सुसाइड कर लिया, लेकिन शाम तक जब तीसरी लिस्ट आई तो उसमें उसका नाम था।

NEET छात्रा ने गोली मारकर किया सुसाइड।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मेहनत से पढ़ाई की। नीट की परीक्षा में सफल हुई।मीरजापुर स्थित एक मेडिकल कालेज आवंटित हुआ। दो बार काउंसिलिंग हुई लेकिन प्रवेश नहीं मिला। रैंक कम है और तीसरी काउंसिलिंग में न जाने क्या होगा? यह सोच खुद को असफल समझ बैठी।
रविवार रात करीब 12 बजे 18 वर्षीय छात्रा रितु शर्मा ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी। सोमवार शाम तीसरी काउंसिलिंग की लिस्ट आई तो उसमें रितु का नाम था, मगर तब तक वह दुनिया को छोड़कर जा चुकी थी।
शाम करीब छह बजे घटना का पता चलने पर पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। कमरे से सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था- ‘मैं मानसिक रोगी हो गई हूं। अपने जीवन में कुछ अच्छा नहीं कर पाऊंगी। मम्मी-पापा सॉरी’। झूंसी थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम कॉलोनी में झकझोर देने वाली यह घटना हुई। छात्रा का मोबाइल कब्जे में लेकर पुलिस जांच कर रही है।
त्रिवेणीपुरम कॉलोनी में रहती थी छात्रा
बताया गया है कि गाजीपुर जिले के नवनहारा थाना क्षेत्र के अनईपुर गांव निवासी देवराज शर्मा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) में इंजीनियर पद से रिटायर हैं। वह करीब छह साल पहले यहां आए और त्रिवेणीपुरम कॉलोनी में मकान लेकर परिवार के साथ रहने लगे।

बेटी रितु नीट की तैयारी कर रही थी। रविवार रात वह एक कमरे में पढ़ाई कर रही थी। जबकि दूसरे कमरे में पिता और मां अमौती शर्मा सो रही थी। इसी बीच छात्रा ने गोली मारकर जान दे दी। सोमवार करीब साढ़े पांच बजे मां ने दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला। ऊपरी तल पर रहने वाले अधिवक्ता देवर को बुलाया और खिड़की से भीतर दाखिल हुए। लोअर टीशर्ट पहनी रितू फर्श पर पड़ी थी।
पिता की लाइसेंसी पिस्टल से मारी थी गोली
सिर पर गोली लगी थी और बगल में काफी खून जमा था। पिता की लाइसेंसी पिस्टल भी थी। यह देख सभी लोग हैरान हो गए। एसीपी अरुण पराशर झूंसी पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो अंग्रेजी में लिखा छह पेज का सुसाइड नोट मिला।
पुलिस को पीड़ित परिवार ने बताया कि रितु काफी दिनों से परेशान थी। एसीपी ने बताया कि छात्रा ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मानसिक रोगी होने और जीवन में कुछ अच्छा नहीं कर पाने का उल्लेख है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।