विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Navratri Day 2 : ब्रह्मचारिणी स्वरूप का दर्शन-पूजन कर मां दुर्गा की भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु

By Sharad Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 12 Oct 2026 01:30 PM (IST)

शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन प्रयागराज में श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी स्वरूप का दर्शन-पूजन किया। देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. संगम में स्नान करके शैलपुत्री स्वरूप का भक्तों ने किया पूजन

  2. प्रयागराज के देवी मंदिरों में सुबह से ही जुटी भक्तों की भीड़

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Navratri Day 2 शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को सनातन धर्मावलंबी मां भगवती की साधना में लीन हैं। सुबह मइया के ब्रह्मचारिणी स्वरूप का पूजन करके दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। मां आलोपशंकरी, मां ललिता देवी, मां खेमा मायी व मां कल्याणी देवी सहित हर देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी है। मंदिरों में शाम को कीर्तन का आयोजन होगा। श्रद्धालु मइया के दरबार में मत्था टेककर मनोवांछित फल प्राप्ति की याचना कर रहे हैं। 

आश्विन शुक्लपक्ष की प्रतिपदा तिथि से मां दुर्गा का स्तुति पर्व शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार से हो गया। सनातन धर्मावलंबियों ने नौ दिन व्रत का संकल्प लेकर अभिजित मुहूर्त में घट (कलश) की स्थापना की। कलश के नीचे मिट्टी में जौ बोया, कलश में गंगाजल भरकर उसके ऊपर आम का पल्लव, पान-सुपाड़ी रखकर रक्षासूत्र से बांधा। प्रथम दिन मां के शैलपुत्री स्वरूप का पूजन हुआ, दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। मइया की कृपा प्राप्ति के लिए अखंड ज्योति जलाई गई।

नवरात्र के दूसरे दिन भी भोर से संगम में स्नान आरंभ हो गया। संगम के अलावा गंगा व यमुना के पवित्र जल में हजारों लोगों ने डुबकी लगाई। देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन करने वालों का तांता लगा रहा। मां आलोपशंकरी में मइया के पालने में मत्था टेकने के लिए सुबह से भक्तों की कतार लग गई। उन्हें नारियल, चुनरी व श्रृंगार का सामान अर्पित करके आशीष लिया।

मां कल्याणी देवी मंदिर में मंत्रोच्चार, शंख, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि के मध्य मां की मंगला आरती हुई। मध्याह्न में मां के महाभोग का षोडशोपचार पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवती ब्रह्मचारिणी के स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। मां की महाआरती हुई।

Navratri Day 2 मीरापुर स्थित मां ललिता देवी मंदिर का मोहक श्रृंगार कर पूजन किया गया। जनकल्याण के निमित्त शतचंडी यज्ञ का शुभारंभ पुजारी शिवमूरत मिश्र ने कराया। मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा और महामंत्री प्रदीप जायसवाल ने विधि-विधान से मइया का पूजन किया। 

यह भी पढ़ें- UP पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थी फर्राटेदार बोलेंगे अंग्रेजी, इसके लिए 300 विद्यालयों के शिक्षक सीखेंगे आंग्ल भाषा

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रावास आवंटन: 3500 दाखिले, 600 छात्र-छात्राओं को ही मिलेगा हॉस्टल का कमरा