विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

400 करोड़ के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भूमि पूजन नवरात्र में, प्रयागराज दिवाली से पहले शुरू होगा निर्माण

By Birendra Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 03 Oct 2026 03:54 PM (IST)

प्रयागराज में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ...और पढ़ें

प्रयागराज में बनने वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का मॉडल।

प्रयागराज में बनने वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का मॉडल।

HighLights

  1. नगर निगम और पार्क मेडी वर्ल्ड के बीच पहले ही हुआ है अनुबंध

  2. दीपावली के पहले शुरू होगा निर्माण, 24 माह में निर्माण होगा पूरा

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की राह देख रहे प्रयागराज के लोगों के लिए बड़ी पहल हुई है। नैनी के जहांगीराबाद में 500 बेड का मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके निर्माण पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

नगर निगम और पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (पार्क ग्रुप आफ हास्पिटल्स) के बीच परियोजना को लेकर अनुबंध बुधवार को हो गया है। हास्पिटल बनाने के लिए नवरात्र में भूमि पूजन किया जाएगा। दीपावली के पहले निर्माण शुरू हाेने की संभावना है। 24 माह में हास्पिटल के लिए भवन तैयार किया जाएगा।

अस्पताल बनने से शहर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नगर निगम के वार्ड संख्या 31, नैनी जहांगीराबाद में प्रस्तावित अस्पताल के निर्माण के लिए परियोजना की अनुमानित लागत करीब 400 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

इसमें 50 करोड़ रुपये म्युनिसिपल बांड और लगभग 25 करोड़ रुपये नगर निगम के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे,जबकि शेष धनराशि संबंधित कंपनी की ओर से निवेश की जाएगी। इस परियोजना को शहर की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

महापौर गणेश केसरवानी ने बताया कि 500 बेड की क्षमता वाला यह अस्पताल शुरू होने के बाद मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने की उम्मीद है। नगर आयुक्त साईं तेजा ने बताया कि हास्पिटल का निर्माण पूरा होने से प्रयागराज मंडल के अलावा दूसरे राज्य के लोगों को भी लाभ मिलेगा। इस दौरान नगर निगम के मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, पार्क मेडी वर्ल्ड के कंपनी सेक्रेटरी अभिषेक कपूर और सीनियर जनरल मैनेजर डा. सत्यम गुप्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज: महर्षि भरद्वाज चौराहा से लोक सेवा आयोग तक बनेगा चार लेन का फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- Prayagraj : गंगापार में 100 हेक्टेयर में PDA बसाएगा नई टाउनशिप, बिजली-पानी व सड़क की सुविधा मिलेगी