विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनो तकनीक से तैयार किया गया ‘डिजाइनर लहसुन’, पौष्टिक और औषधीय गुणों से भरपूर

Published: Mon, 09 Nov 2026 12:37 PM (IST)

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञानियों ने नैनो तकनीक का उपयोग कर लहसुन के पौधों की पोषण क्षमता बढ़ाई है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट किया गया है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट किया गया है।

HighLights

  1. नैनो तकनीक से लहसुन की पोषण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि।

  2. टाइटेनियम डाइआक्साइड नैनो पार्टिकल्स ने बढ़ाए खनिज तत्व।

  3. भविष्य में पोषक फसलों के विकास की नई संभावनाएं खुलीं।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रसोई में स्वाद और सेहत का साथी लहसुन अब वैज्ञानिक प्रयोगों के सहारे और ज्यादा पौष्टिक तथा औषधीय गुणों से भरपूर बनाया जा सकेगा।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञानियों ने नैनो तकनीक की मदद से लहसुन के पौधों की पोषण क्षमता बढ़ाने में सफलता हासिल की है। इस प्रयोग में टाइटेनियम डाइआक्साइड के सूक्ष्म नैनो पार्टिकल्स का इस्तेमाल किया गया।

शोध के परिणामों ने भविष्य में जरूरत के मुताबिक पोषक तत्वों से भरपूर फसलें विकसित करने की नई संभावनाएं खोल दी हैं। विज्ञानियों ने इसे ‘डिजाइनर लहसुन’ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

लहसुन में मौजूद एलिसिन, आर्जिनिन, फ्लेवोनायड, सल्फर और सेलेनियम जैसे जैव सक्रिय तत्व इसे खास बनाते हैं। अब विज्ञानियों की कोशिश है कि इसकी प्राकृतिक खूबियों को वैज्ञानिक तकनीक के जरिए और बेहतर बनाया जाए, ताकि इसमें आवश्यक पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ाई जा सके।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. केएन उत्तम के निर्देशन में यह अध्ययन उन्नत प्रयोगशाला में किया गया। शोधकर्ताओं ने लहसुन के पौधों को टाइटेनियम डाइऑक्साइड नैनो पार्टिकल्स से उपचारित कर उनके विकास और पोषण संबंधी बदलावों का अध्ययन किया।

C-515-1-ALH1011-591546

पौधों के भीतर मौजूद सूक्ष्म तत्वों की पहचान और उनकी मात्रा का विश्लेषण करने के लिए सिंक्रोट्रॉन रेडिएशन इंड्यूस्ड एक्स-रे फ्लोरेसेंस स्पेक्ट्रोस्कोपी जैसी अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया।

इसकी खासियत यह है कि पौधों के नमूनों को नुकसान पहुंचाए बिना उनमें मौजूद तत्वों का सटीक विश्लेषण किया जा सकता है। प्रयोग के नतीजे उत्साहजनक रहे। नैनो पार्टिकल्स से उपचारित लहसुन के पौधों में फास्फोरस, सल्फर, पोटैशियम, कैल्शियम, आयरन, कापर, जिंक और टाइटेनियम जैसे खनिज तत्वों की मात्रा सामान्य पौधों की तुलना में अधिक पाई गई।

इन तत्वों की मौजूदगी पौधों की वृद्धि और उनकी विभिन्न जैव रासायनिक प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण है। शोधकर्ताओं ने प्रिंसिपल कंपोनेंट एनालिसिस के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया। इससे पता चला कि नैनो पार्टिकल्स के इस्तेमाल से पौधों की पोषक तत्वों को ग्रहण करने की क्षमता और पोषण संबंधी गतिविधियों में बदलाव आया।

उपचारित पौधों की वृद्धि भी बेहतर रही और उनकी पत्तियां अधिक हरी-भरी तथा सशक्त दिखाई दीं। प्रो. केएन उत्तम के अनुसार, टाइटेनियम डाइऑक्साइड नैनो पार्टिकल्स पौधों में सूक्ष्म पोषक तत्वों के अवशोषण की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं। इससे उनकी वृद्धि और जैव रासायनिक गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं। इस तरह नैनो तकनीक का उपयोग फसलों की गुणवत्ता और पोषण क्षमता बढ़ाने के लिए किया जा सकता है।

जरूरत के मुताबिक तैयार हो सकती हैं फसलें

इस शोध का महत्व केवल लहसुन तक सीमित नहीं है। भविष्य में इसी तकनीक के जरिए ऐसी फसलें विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं, जिनमें आवश्यक पोषक तत्वों की मात्रा को वैज्ञानिक तरीके से बेहतर बनाया जा सके। इससे कृषि उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने और पोषण सुरक्षा की दिशा में नए रास्ते खुल सकते हैं।

विज्ञानियों का कहना है कि नैनो कणों का प्रभाव उनकी मात्रा, आकार और संरचना पर निर्भर करता है। इसलिए इनके इस्तेमाल से पहले इन पहलुओं को विस्तार से समझना जरूरी है। खासतौर पर यह जानना होगा कि अलग-अलग आकार और खुराक के नैनो कण पौधों की वृद्धि, पोषण और जैव रासायनिक संरचना पर किस तरह असर डालते हैं।

सुरक्षित नैनो कृषि की दिशा में अगला कदम

शोधकर्ताओं के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती नैनो तकनीक के प्रभावी होने के साथ-साथ उसके सुरक्षित और संतुलित इस्तेमाल की है। इसके लिए नैनो पार्टिकल्स की उचित खुराक, उनके दीर्घकालिक प्रभाव और फसल के खाद्य हिस्सों में उनके संभावित अवशेषों का अध्ययन भी महत्वपूर्ण होगा।

स्प्रिंगर पब्लिकेशंस, जर्मनी की शोधपत्रिका अर्थ एंड एनवायरनमेंटल साइंस में प्रकाशित यह शोध कृषि विज्ञान और नैनो तकनीक के मेल की नई संभावनाएं सामने लाता है।

यह भी पढ़ें- बहराइच में किसानों को 5 नवंबर से मिलेगा प्याज और लहसुन का बीज, पोर्टल पर पंजीकरण है जरूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।