विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महामंडलेश्वर करौली नया उदासीन अखाड़ा से निष्कासित, पाखंड फैलाने पर हुई कार्रवाई; आठ माह पहले दी गई थी उपाधि

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:44 PM (IST)

महामंडलेश्वर करौली शंकर को नया उदासीन अखाड़ा से झाड़-फूंक और पाखंड फैलाने के आरोप में निष्कासित कर दिया गया है।

करौली शंकर संतोष भदौरिया। प्रबंधन

करौली शंकर संतोष भदौरिया। प्रबंधन

HighLights

  1. महामंडलेश्वर करौली शंकर नया उदासीन अखाड़ा से निष्कासित।

  2. झाड़-फूंक, पाखंड फैलाने के आरोप में कार्रवाई।

  3. लगभग 50 अन्य संतों की गतिविधियों की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। परंपरा के विरुद्ध काम करने पर श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने महामंडलेश्वर करौली शंकर को निष्कासित कर दिया है। करौली शंकर पर अखाड़े के पंचों का अपमान करने, देवता के समान अपनी पूजा कराने, झाड़-फूंक को बढ़ावा देकर पाखंड फैलाने का आरोप था। उन्हें आठ माह पहले सूक्ष्म रूप से महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई।

हरिद्वार कुंभ में उनका विधिवत पट्टाभिषेक किया जाना था, लेकिन उसके पहले उनकी गतिविधि अखाड़े की परंपरा के विरुद्ध हो गई। इसे देखते हुए उन्हें निष्कासित कर दिया गया। यही नहीं, प्रमुख अखाड़ों की आंतरिक जांच में लगभग 50 महामंडलेश्वर व संतों की सूची तैयार हुई है जो परंपरा से हटकर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं।

सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार करने, मतांतरण रोकने में 13 अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अखाड़ाें के संत, महामंडलेश्वर मुहिम जमीनी स्तर पर चलाते हैं। वह मंशा के अनुरूप काम कर रहे हैं अथवा नहीं? उसको लेकर अखाड़े दो-तीन वर्ष में सबकी गुप्त जांच करवाते हैं।

50 संतों की गतिविधियां संदिग्ध

इधर, श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के अलावा जूना, श्री निरंजनी, आह्वान, आनंद, दिगंबर अनी, निर्मोही अनी और निर्वाणी अनी अखाड़े अपने-अपने महामंडलेश्वरों, संताें की कार्यप्रणाली की जांच करवा रहे हैं। अक्टूबर माह से शुरू हुई गोपनीय जांच में लगभग 50 संतों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं, जिनका पूरा ब्योरा एकत्र किया जा रहा है।

इसमें जूना के 20, श्री निरंजनी के 11, निर्मोही अनी के पांच, दिगंबर अनी के तीन, निर्वाणी अनी के चार, नया उदासीन के चार महामंडलेश्वर शामिल हैं।

निर्मोही अनी अखाड़ा के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास का कहना है कि अंधविश्वास फैलाने वाली गतिविधियों में लिप्त होने वाले महामंडलेश्वर व संतों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निगरानी कड़ी की जाएगी।

जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि कहते हैं संतों का कार्य समाज में व्याप्त पाखंड रोककर सनातन धर्म के वास्तविक स्वरूप का प्रचार-प्रसार करना है। पद की गरिमा के विपरीत व्यक्तिगत पूजा या झाड़-फूंक को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नया उदासीन अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत जगतार मुनि ने कहा, करौली शंकर को निष्कासित करने के साथ दूसरे महामंडलेश्वरों की गतिविधियों की जांच चल रही है। अनुचित कार्य करने वालों को निष्कासित करने के साथ कानूनी कार्रवाई करायी जाएगी।

13 अखाड़ों की परंपरा पवित्र है। नियम-निर्देश सख्त हैं। हर अखाड़े का ध्येय पाखंड रोककर सनातन धर्म के जनकल्याणकारी भाव से जन-जन को जोड़ना है। इसके विरुद्ध पाखंड को बढ़ाना पाप है। ऐसा करने वालों को अखाड़े से बाहर करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-श्रीमहंत रवींद्र पुरी, सचिव श्रीनिरंजनी अखाड़ा व अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में जयमाल के लिए सजा था मंच, तभी पुलिस संग हुई प्रेमिका की एंट्री; बिन दुल्हन लौटी बरात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।